CG News: जंगल में दंतैल हाथी का हमला; ग्रामीण ने भागकर बचाई जान, बाइक चकनाचूर

छत्तीसगढ़ June 20, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
CG News: जंगल में दंतैल हाथी का हमला; ग्रामीण ने भागकर बचाई जान, बाइक चकनाचूर

CG News: जंगल में दंतैल हाथी का हमला; ग्रामीण ने भागकर बचाई जान, बाइक चकनाचूर

 

अंबिकापुर : सरगुजा जिले के वन परिक्षेत्र उदयपुर के हसदेव क्षेत्र अंतर्गत केते एक्सटेंशन के घने राजामाडा जंगल में शनिवार सुबह एक ग्रामीण हाथी के हमले से बाल-बाल बच गया। हाथी ने ग्रामीण पर हमले के लिए दौड़ लगा दी, लेकिन बीच में बाइक आ जाने से उसे भागने का मौका मिल गया। गुस्साए हाथी ने बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीण को इस बात की जानकारी नहीं थी कि जंगल में हाथी है। शनिवार सुबह करीब आठ बजे बाइक से जंगल में लकड़ी लेने गया था। वह जंगल के भीतर लकड़ी काट रहा था, तभी अचानक एक दंतैल हाथी वहां पहुंच गया।

हाथी को अपनी ओर आता देख ग्रामीण घबरा गया। हाथी ने ग्रामीण पर हमला करने के लिए दौड़ लगा दी। ग्रामीण भी बदहवास होकर भागने लगा। इसी दौरान ग्रामीण की बाइक हाथी और उसके बीच आ गई। इसका फायदा उठाकर ग्रामीण मौके से भाग निकला और जान बचाने में सफल रहा। हालांकि हाथी ने गुस्से में बाइक को पैरों से कुचल दिया, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक परोगिया- राजामाडा जंगल क्षेत्र में हाथियों का आवागमन लगातार बना रहता है। यह इलाका घने जंगलों से घिरा है और यहां अक्सर हाथियों की मौजूदगी देखी जाती है। वन विभाग द्वारा लोगों को हाथियों की गतिविधि वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है। इस क्षेत्र में वर्तमान में हाथी की उपस्थिति की जानकारी गांववालों को नहीं थी। ग्रामीण की सतर्कता और समय रहते मौके से भाग जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद से क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल है।विभाग द्वारा इलाके में मुनादी कराकर लोगों को जंगल की ओर न जाने की हिदायत दी जा रही है।

खबर शेयर करें: