CG News: पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, दो पक्षों में भिड़ंत, 9 घायल, चाकूबाजी की घटना से मचा हड़कंप

छत्तीसगढ़ October 23, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
CG News: पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, दो पक्षों में भिड़ंत, 9 घायल, चाकूबाजी की घटना से मचा हड़कंप

CG News: पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, दो पक्षों में भिड़ंत, 9 घायल, चाकूबाजी की घटना से मचा हड़कंप

 

  डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ शहर में चाकूबाजी और मारपीट की घटनाओं पर अंकुश लगता नजर नहीं आ रहा है। ताजा मामला शहर के वार्ड नंबर 2 स्थित कुम्हारपारा और नाकापारा के आसपास का है, जहां पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दोनों पक्षों के करीब नौ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए राजनांदगांव रेफर किया गया है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप
पूरा मामला डोंगरगढ़ शहर का है, जहां आपसी विवाद और मारपीट की घटनाएं कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रही हैं। बीते दिन देर शाम वार्ड नंबर 2 के कुम्हारपारा और नाकापारा के आसपास दो पक्ष आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि, विवाद की जड़ बीते नवरात्र के दौरान हुआ पुराना झगड़ा है। इसी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और हिंसक संघर्ष में बदल गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें गंभीर रूप से घायल लोगों को राजनांदगांव रेफर किए जाने की जानकारी है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर मारपीट और धक्कामुक्की का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में डोंगरगढ़ भाजपा के पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष बताए जा रहे एक व्यक्ति को कुछ लोगों के साथ विवाद करते देखा जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। ऐसे में वायरल वीडियो के आधार पर किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं होगा।वायरल वीडियो

नौ घायलों का जिक्र, पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस के अनुसार, घटना में एक पक्ष के रवि वर्मा, मनोज कुंभकार, मोहन कुंभकार, दुर्गेश कुंभकार, शांति बाई कुंभकार और नारायण कुंभकार घायल हुए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से भार्गव राव, मनीष कुमार वर्मा और सुमित मिश्रा के घायल होने की जानकारी दी गई है। मामले में एक पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने बलवा, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस आरोपी देव वर्मा और सुमित मिश्रा सहित संबंधित आरोपियों की तलाश में जुटी है।

जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। विवाद की वास्तविक वजह, चाकूबाजी में किसकी भूमिका रही और वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम का मामले से क्या संबंध है, इन सभी बिंदुओं पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। शहर में लगातार सामने आ रही मारपीट और चाकूबाजी की घटनाओं के बीच अब लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।वायरल वीडियो

खबर शेयर करें: