छत्तीसगढ़

CG NEWS: मुर्दाघर के साए में चल रहा था ‘नशे का अड्डा’! पुलिस ने दबोचे 5 तस्कर, 10 हजार नशीली कैप्सूल बरामद

जहां मौत की खामोशी होती है, वहीं बिक रहा था ज़हर...

दुर्ग।
दुर्ग में उस जगह से ऐसा राज़ खुला जिसे सुनकर हर कोई सन्न रह गया — जिला अस्पताल के मुर्दाघर के पास नशीली दवाओं की अवैध बिक्री हो रही थी। पुलिस ने “ऑपरेशन विश्वास” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 10 हजार प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल (ट्रामाडोल) बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस ने यह छापा मारा। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मर्चुरी के पास घेराबंदी की, जहां तीन संदिग्ध व्यक्ति ग्राहकों की तलाश में खड़े थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम प्रेम सिंह, रवि कुमार शर्मा और उमेश कुमार कश्यप बताए। उनके पास से 160 पत्ते ट्रामाडोल कैप्सूल और 2 मोबाइल फोन जब्त किए गए।

जांच में सामने आया कि यह गिरोह उत्तर प्रदेश से नशे की दवाइयों की सप्लाई करवा रहा था। मुख्य आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जामुल सब्जी बाजार से आसिफ मोहम्मद और शाहिद कुरैशी को भी गिरफ्तार किया, जिनसे 250 पत्ते नशीली कैप्सूल और 2 मोबाइल फोन बरामद हुए।

कुल मिलाकर पुलिस ने पांचों आरोपियों से 9840 कैप्सूल और 4 स्मार्टफोन जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (सी) और 27 (क) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस की यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है। जिस जगह मृतकों की खामोशी होती है, वहां नशे का कारोबार चलना समाज के लिए चेतावनी है — कि नशे का ज़हर अब शहर के सबसे अंधेरे कोनों में भी फैल चुका है।











IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button