CG: ग्रामीणों की बड़ी लापरवाही, हाथियों को परेशान करते और पत्थर मारते नजर आए लोग, वन विभाग की चेतावनी के बाद भी लापरवाही
CG: ग्रामीणों की बड़ी लापरवाही, हाथियों को परेशान करते और पत्थर मारते नजर आए लोग, वन विभाग की चेतावनी के बाद भी लापरवाही
गौरेला पेंड्रा मरवाही: मरवाही वन मंडल क्षेत्र में लगभग 22 दिनों से विचरण कर रहे 4 हाथियों के समूह को लेकर एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है. हाथियों का ये वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में कुछ ग्रामीण हाथियों के बेहद करीब पहुंचकर उनपर पत्थर मारते और परेशान करते दिखाई दे रहे हैं. वहीं कुछ लोग तो जंगल के अंदर मौजूद हाथियों के झुंड के पास पेड़ों पर चढ़े हुए भी नजर आ रहे हैं. यह वीडियो मरवाही वन मंडल के मड़वाही क्षेत्र का बताया जा रहा है.
वन विभाग की चेतावनी के बाद भी लापरवाही
दरअसल पिछले कई दिनों से 4 हाथियों का दल मरवाही वनमंडल क्षेत्र के जंगलों और आसपास के इलाकों में लगातार विचरण कर रहा है. हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग द्वारा लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाती रही है. इसके बावजूद वीडियो में कई ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर हाथियों के काफी करीब पहुंचते दिखाई दे रहे हैं.
हाथियों का परेशान करने के वीडियो पर मरवाही वन मंडल ने भी गंभीरता दिखाई है. दोषी ग्रामीणों को चिन्हांकित कर उन पर कड़ी कार्रवाई करने की बात डीएफओ ने कही है.
मामले का वीडियो और फोटो से संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी- ग्रीष्मी चांद, DFO, मरवाही वन मंडल
उकसाने पर हमला कर सकते हैं हाथी
वन्यजीव जानकारों के मुताबिक जंगली हाथियों को किसी भी प्रकार से उकसाना या परेशान करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. हाथी खतरा महसूस होने पर अचानक आक्रामक हो सकते हैं, जिससे जनहानि की संभावना बढ़ जाती है. वायरल वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधियां न केवल लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि वन्यजीव संरक्षण के नियमों का भी उल्लंघन मानी जा सकती हैं.