CG: उफनते नाले में बही बिजली विभाग की पिकअप, 3 कर्मचारियों ने तैर कर बचाई जान, एक कर्मचारी की तलाश में रेस्क्यू जारी

बलौदा बाजार। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम अचानकपुर के पास स्थित खोरसी नाला में मंगलवार को बिजली विभाग के कर्मचारियों को लेकर जा रही एक पिकअप वाहन रात करीब 2 बजे उफनते नाले को पार करने के दौरान तेज बहाव में बह गई। हादसे में तीन कर्मचारी तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक कर्मचारी के लापता होने की आशंका के बीच पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
उफनते नाले को पार करना पड़ा भारी
पुलिस के अनुसार, बिजली विभाग की पिकअप अचानकपुर क्षेत्र में बिजली सुधार कार्य के लिए कर्मचारियों को लेकर जा रही थी। रात करीब 2 बजे चालक ने खोरसी नाला पार करने का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव का सही अनुमान नहीं लगा सका। देखते ही देखते वाहन बहाव की चपेट में आ गया और करीब 800 मीटर दूर तक बह गया।
तीन कर्मचारी सुरक्षित, एक की तलाश जारी
हादसे के दौरान वाहन में सवार तीन कर्मचारी किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे। वहीं एक कर्मचारी के वाहन में फंसे होने या बह जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल उसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि वाहन को बाहर निकालने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
तेज बहाव के बीच चल रहा रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। बचाव कार्य के लिए नगर सेना की एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है। संयुक्त टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है, लेकिन नाले में 10 से 12 फीट गहरा पानी और तेज बहाव अभियान में बड़ी चुनौती बना हुआ है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और वाहन को बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं। लापता कर्मचारी की स्थिति वाहन निकलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।