CG: ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 20.70 लाख की साइबर ठगी, तीन पर एफआईआर, पुलिस जांच में जुटी

छत्तीसगढ़ June 27, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
CG: ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 20.70 लाख की साइबर ठगी, तीन पर एफआईआर, पुलिस जांच में जुटी

CG: ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 20.70 लाख की साइबर ठगी, तीन पर एफआईआर, पुलिस जांच में जुटी

गौरेला पेंड्रा मरवाही. गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। भारत सरकार के उपक्रम IRCON इंटरनेशनल लिमिटेड में कार्यरत सीनियर रेलवे मैनेजर कुंदन कुमार से साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा देकर 20 लाख 70 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर गौरेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, कुंदन कुमार मूल रूप से पटना (बिहार) के निवासी हैं और वर्तमान में डुमरिहा, गौरेला में रहकर गेवरारोड से पेण्ड्रारोड नई रेल लाइन परियोजना में प्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल 2025 को उनकी पहचान ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़े लोगों से हुई। आरोपियों ने उन्हें मानसा केपिटल नामक ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कर शेयर बाजार में निवेश करने की सलाह दी। साथ ही कम समय में कई गुना मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया।
ठगों के झांसे में आकर उन्होंने अलग-अलग किस्तों में कुल 20.70 लाख रुपये निवेश कर दिए। कुछ समय बाद ऐप पर उनके खाते में करीब 80 लाख रुपये की राशि दिखाई देने लगी। जब उन्होंने इस रकम को निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने टैक्स, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर बहाने बनाना शुरू कर दिया।
शक होने पर कुंदन कुमार ने संबंधित मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया, लेकिन सभी नंबर बंद मिले। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। उन्होंने तत्काल गौरेला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। गौरेला पुलिस ने कुंदन कुमार की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट की है। जिसमें जय कुमार वर्मा, अनवी, आरती सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेन-देन की जानकारी जुटा रही है, ताकि ठगी में शामिल आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

खबर शेयर करें: