दंतेवाड़ा में नक्सलियों के ठिकानों से 18 लाख रुपये नकद, सोना और हथियार बरामद

जगदलपुर. दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के तोड़मा जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाए गए नकदी, सोना और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही पर यह कार्रवाई हुई है। समर्पित नक्सलियों ने स्वीकार किया कि वे खोखली विचारधारा से त्रस्त थे।
दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि हाल ही में मुख्यधारा में शामिल हुए नक्सलियों ने महत्वपूर्ण सूचनाएं दीं। इन सूचनाओं के आधार पर तोड़मा गांव के घने जंगलों में सर्च अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों के कई डंप मिले। नक्सलियों ने जवानों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से ये सामग्री जमीन के नीचे छिपा रखी थी।
बरामद सामग्री का विवरण
सर्च टीमों ने अलग-अलग अभियानों में भारी मात्रा में सामग्री जब्त की है। इसमें 116 ग्राम सोने का बिस्किट शामिल है, जिसकी कीमत 16 लाख रुपये है। इसके अलावा, 2 लाख रुपये नकद भी बरामद हुए, जिससे कुल 18 लाख रुपये की जब्ती हुई।
हथियार और विस्फोटक
जब्त हथियारों में 1 इंसास राइफल, 16 इंसास मैगजीन, 4 एके-47 मैगजीन, 68 एके-47 राउंड, 23 एसएलआर मैगजीन और 34 एसएलआर राउंड शामिल हैं। 5 बारह बोर बंदूकें और 7 बारह बोर राउंड भी मिले हैं। इसके अतिरिक्त, 3 बीजीएल लांचर, 1 बीजीएल सेल, 2 कार्बाइन मैगजीन, 8 तीन सौ तीन राउंड, 45 तीन सौ तीन चार्जर और 6 आठ एमएम राउंड भी बरामद हुए। 10 भरमार बंदूकें, 1 रिवॉल्वर और 1 एयरगन भी जब्त की गई है। बमों में 6 टिफिन बम, 4 पाइप बम, 122 तीर बम, 1 पैरा बम, 2 देसी हैंड ग्रेनेड और 2 देसी मोर्टार शामिल हैं। विस्फोटक सामग्री में 1 स्टील डब्बे में जिलेटिन, 20 डेटोनेटर, 1 बंडल कोडेक्स वायर और 14 कुकर मिले हैं। वर्दी कपड़े, दवाइयां, पर्चे-पाम्पलेट और अन्य दैनिक उपयोगी सामग्री भी बरामद की गई है।