रायगढ़ में LTT एक्सप्रेस से कैश-जेवरात की चोरी, महिला यात्री का हैंडपर्स ले भागा चोर, GRP में केस दर्ज
रायगढ़ में LTT एक्सप्रेस से कैश-जेवरात की चोरी, महिला यात्री का हैंडपर्स ले भागा चोर, GRP में केस दर्ज
रायगढ़। रायगढ़ से गुजरने वाली यात्री ट्रेनों में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मुंबई LTT एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रही महिला यात्री का अज्ञात चोर ने हैंडपर्स चोरी कर लिया। पर्स में 7 हजार रुपए कैश और करीब 42 हजार रुपए के जेवर समेत जरूरी दस्तावेज रखे थे। शिकायत के बाद रायगढ़ GRP ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, जमशेदपुर के साक्षी टाटानगर निवासी संजू साहू (48) मुंबई LTT एक्सप्रेस के जनरल कोच में टाटानगर से दुर्ग जा रही थी। ट्रेन जब सक्ती रेलवे स्टेशन पहुंची तो उन्होंने देखा कि उनके पास रखा लेडिज हैंडपर्स गायब है।
पर्स में 7 हजार रुपए कैश, पैन कार्ड, आधार कार्ड और वोटर आईडी के अलावा करीब 42 हजार रुपए के जेवर थे। महिला ने कोच में पर्स की तलाश की और आसपास के यात्रियों से भी पूछताछ की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
दुर्ग में दर्ज कराई शिकायत, रायगढ़ GRP को मिली डायरी
दुर्ग पहुंचने के बाद संजू साहू ने जीआरपी थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। बाद में मामले की डायरी रायगढ़ GRP को भेजी गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(c) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मई-जून में करीब 8 चोरी के केस
रायगढ़ रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। मई-जून के दौरान रायगढ़ GRP में यात्रियों के सामान चोरी होने के करीब 8 मामले दर्ज हुए हैं। इन घटनाओं में यात्रियों के बैग से लाखों रुपए के कैश और जेवर चोरी हो चुके हैं।
बताया जा रहा है कि सक्ती से खरसिया के बीच ट्रेनों में चोरी की घटनाएं ज्यादा सामने आ रही हैं। एक्सप्रेस के साथ लोकल ट्रेनों में भी यात्रियों के सामान चोरी होने की शिकायतें मिल रही हैं।