Raigarh News: सूने घर का ताला तोड़ 1.25 लाख की चोरी, जेवरात-कैश समेत CCTV का रिसीवर भी ले गया चोर

रायगढ़ May 7, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: सूने घर का ताला तोड़ 1.25 लाख की चोरी, जेवरात-कैश समेत CCTV का रिसीवर भी ले गया चोर

Raigarh News: सूने घर का ताला तोड़ 1.25 लाख की चोरी, जेवरात-कैश समेत CCTV का रिसीवर भी ले गया चोर

 

  रायगढ़। रायगढ़ जिले में सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर अलमारी में रखे नकदी और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपए बताई जा रही है। मामला कापू थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम गोढ़ी खुर्द कापू निवासी विष्णुराम भगत (55) खेती-किसानी करते हैं। उनका बेटा रायपुर में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। बेटे के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए विष्णुराम अपने परिवार के साथ रविवार सुबह रायपुर गए थे।

पड़ोसी ने दी चोरी की जानकारी

सोमवार सुबह पड़ोसी धनेश्वर लकड़ा ने मोबाइल पर सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही विष्णुराम रायपुर से अपने गांव लौटे। घर पहुंचने पर सामान बिखरा पड़ा मिला।

चोर ने दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने का मंगलसूत्र, सोने की चेन, टॉप्स, अंगूठी, चांदी का पायल और 35 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। मामले की शिकायत कापू थाने में दर्ज कराई गई है।

CCTV का रिसीवर भी ले गया चोर

घर में लगे CCTV कैमरों की जांच करने पर पता चला कि साक्ष्य मिटाने की नीयत से चोर CCTV कैमरे का रिसीवर भी अपने साथ ले गया। घटना के बाद विष्णुराम ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना कापू थाने में दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305 (ए)-बीएनएस और 331(4)-बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

कापू थाना प्रभारी इंगेश्वर यादव ने बताया कि गोढ़ी खुर्द कापू में चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। पीड़ित परिवार बेटे के दीक्षांत समारोह में शामिल होने रायपुर गया था। इसी दौरान चोरी की घटना हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

खबर शेयर करें: