छत्तीसगढ़

अग्र मंथन 2026 में बृजमोहन अग्रवाल का संदेश—समाज सेवा, संस्कार और शिक्षा पर दिया जोर

 

“गरीब का इलाज, बेटी की शादी और बच्चों की पढ़ाई सबसे बड़ी सेवा” — सांसद बृजमोहन अग्रवाल

अग्रसेन भवन बनें स्किल डेवलपमेंट सेंटर, समाज को संगठित करने का आह्वान

“मंदिर से बड़ा शिक्षा का मंदिर” — अग्र मंथन 2026 में बृजमोहन अग्रवाल का प्रेरक संबोधन

रायपुर ,5 अप्रैल. रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल आज अग्रसेन धाम में अग्रवाल सभा रायपुर द्वारा आयोजित “अग्र मंथन 2026” कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने “समाज की वर्तमान स्थिति और भविष्य की चुनौतियों” विषय पर अपने विचार रखते हुए अग्र समाज की भूमिका और जिम्मेदारियों पर गहन प्रकाश डाला।

सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि भगवान अग्रसेन जी के आदर्शों पर चलने वाला अग्र समाज सदैव राष्ट्र और समाज की अगुवाई करता आया है। पूरे देश में अग्र समाज ने न केवल आर्थिक बल्कि सामाजिक उत्थान में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि आज समय की आवश्यकता है कि हम स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करें।







उन्होंने परिवार को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि मजबूत और संस्कारित परिवार ही सशक्त समाज की नींव होते हैं। बच्चों को संस्कारित करने और उनमें गौरव की भावना विकसित करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि हमें अपनी परंपराओं और मूल्यों को नई पीढ़ी में पुनर्स्थापित करना होगा।

श्री अग्रवाल ने सेवा के मूल भाव को रेखांकित करते हुए कहा कि गरीब का इलाज, गरीब बेटी की शादी और गरीब बच्चों की पढ़ाई—ये ही सच्ची समाज सेवा के सबसे बड़े कार्य हैं। आइए हम सब संकल्प लें कि कोई भी गरीब इलाज के अभाव में दम नहीं तोड़ेगा, कोई बच्चा शिक्षा से दूर नहीं होगा और कोई भी बेटी पैसे के अभाव में अपने सपनों से वंचित नहीं रहेगी, उसका विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो—यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि “मंदिर से भी बड़ा शिक्षा का मंदिर होता है, जहां बच्चों का भविष्य निर्माण होता है”, इसलिए समाज को शिक्षा के क्षेत्र में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आज देश भर में बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के भवन हैं, उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक अग्रसेन भवन को स्किल डेवलपमेंट सेंटर के रूप में विकसित किया जाए, जहां महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई तथा बच्चों को कंप्यूटर जैसे आधुनिक प्रशिक्षण प्रदान किए जा सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि समाज के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उनके मार्गदर्शन और संस्कारों को सुदृढ़ करने की है। अग्रसेन जी द्वारा दिखाए गए सेवा और सहयोग के मार्ग को अपनाकर ही समाज निरंतर प्रगति कर सकता है।

इस अवसर पर युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया तथा “अग्र धरोहर” पत्रिका का विमोचन भी संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए श्री बृजमोहन अग्रवाल ने अग्रवाल सभा रायपुर के समस्त पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में CSIDC चेयरमैन राजीव अग्रवाल जी, पूर्व विधायक गौरी शंकर अग्रवाल जी, अग्रवाल सभा रायपुर अध्यक्ष विजय अग्रवाल जी, महासचिव मनमोहन अग्रवाल जी, उपाध्यक्ष मनीष अग्रवाल जी, संगठन मंत्री योगी अग्रवाल, चतुर्भुज अग्रवाल समेत समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button