ब्रैंडन टेलर ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड, बने वनडे इतिहास में सबसे लंबे करियर वाले खिलाड़ी

खेल September 15, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
ब्रैंडन टेलर ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड, बने वनडे इतिहास में सबसे लंबे करियर वाले खिलाड़ी

ब्रैंडन टेलर ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड, बने वनडे इतिहास में सबसे लंबे करियर वाले खिलाड़ी

 
Brendan Taylor: ऑस्ट्रेलिया की टीम इन दिनों तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए जिम्बाब्वे के दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज का पहला मैच जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। इस मैच में जिम्बाब्वे के विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैंडन टेलर ने नया इतिहास रच दिया है। इस मैच के लिए मैदान पर उतरते ही वह वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे लंबे समय तक खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा है।

ब्रैंडन टेलर के नाम दर्ज हुआ बड़ा रिकॉर्ड
वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे लंबे समय तक खेलने का रिकॉर्ड अब जिम्बाब्वे के दिग्गज बल्लेबाज ब्रैंडन टेलर के नाम दर्ज हो गया है। उन्होंने 22 साल और 146 दिन के लंबे वनडे करियर के साथ भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। तेंदुलकर ने 22 साल और 91 दिन तक वनडे क्रिकेट खेला था। ब्रैंडन टेलर ने 2004 में अपने करियर की शुरुआत की थी और वे आज भी खेल रहे हैं। इस लिस्ट में श्रीलंका के सनथ जयसूर्या (21 साल 184 दिन) तीसरे, पाकिस्तान के जावेद मियांदाद चौथे और जिम्बाब्वे के सीन विलियम्स पांचवें नंबर पर हैं।

मेंस वनडे क्रिकेट में सबसे लंबा करियर
22 साल 146 दिन – ब्रेंडन टेलर (ZIM, 2004–2026)
22 साल 91 दिन – सचिन तेंदुलकर (IND, 1989-2012)
21 साल 184 दिन – सनथ जयसूर्या (SL, 1989-2011)
20 साल 272 दिन – जावेद मियांदाद (PAK, 1975-96)
20 साल 187 दिन – सीन विलियम्स (ZIM, 2005-25)
2004 में ब्रैंडन टेलर ने किया था ODI डेब्यू

40 साल के ब्रैंडन टेलर ने अपने वनडे करियर की शुरुआत 2004 में की थी और वह जिम्बाब्वे के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक हैं। वह वनडे में जिम्बाब्वे की तरफ से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। टेलर ने 2021 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन 2022 में ICC के नियमों के उल्लंघन के कारण उन पर साढ़े तीन साल का बैन लगा दिया गया था। अपनी सजा पूरी करने के बाद 2025 में उन्होंने अपना संन्यास वापस ले लिया। दरअसल जिम्बाब्वे साउथ अफ्रीका और नामीबिया के साथ मिलकर 2027 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी करने वाली है और टेलर आगामी वर्ल्ड कप की तैयारी कर रहे हैं।

12 साल बाद जिम्बाब्वे में ODI मैच खेल रही है ऑस्ट्रेलिया की टीम
जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे पहले वनडे की बात करें तो वहां ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। ऑस्ट्रेलिया की टीम 12 साल के बाद जिम्बाब्वे की धरती पर वनडे मैच खेल रही है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श दोनों टीमों के उन केवल तीन खिलाड़ियों में से एक हैं, जो 2014 में जिम्बाब्वे में खेले गए आखिरी वनडे मैच का हिस्सा थे, जिसे जिम्बाब्वे ने जीता था। बाकी दो खिलाड़ी जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा और ब्रैंडन टेलर हैं, जो 2014 की उस ऐतिहासिक जीत का हिस्सा था।

खबर शेयर करें: