Raigarh News: जन्मदिन की पार्टी के बाद पेड़ पर लटके मिले दो दोस्तों के शव

Uncategorized March 10, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: जन्मदिन की पार्टी के बाद पेड़ पर लटके मिले दो दोस्तों के शव

Raigarh News: जन्मदिन की पार्टी के बाद पेड़ पर लटके मिले दो दोस्तों के शव

रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के चिखली गांव में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां सरकारी स्कूल परिसर में बाउंड्री वॉल के पास स्थित पेड़ पर दो युवकों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटके मिले। दोनों के गले में एक ही साड़ी का फंदा था। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुसौर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

जन्मदिन मनाने गए थे दोस्त
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान दीपक बरेठ (21) निवासी ग्राम तेतला, जिला रायगढ़ और शिवशरण कर्ष (22) निवासी ग्राम कटंगपाली, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपक बरेठ अपने साथी लाभोराम के साथ शिवशरण का जन्मदिन मनाने के लिए उसे लेने उसके गांव गया था। रास्ते में उन्होंने अपने एक अन्य साथी को घर छोड़ दिया। इसके बाद दोनों ने देर शाम तक जन्मदिन की पार्टी की और शराब भी पी।

मंगलवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर स्कूल परिसर में पेड़ पर लटके शवों पर पड़ी तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
एक ही साड़ी के फंदे से लटके मिले दोनों
घटनास्थल पर दोनों युवकों के गले में एक ही साड़ी का फंदा मिला। इसमें एक युवक का शव ऊपर की ओर जबकि दूसरा नीचे की ओर झूलता हुआ पाया गया। इस अजीब स्थिति ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसा दृश्य उन्होंने पहले कभी नहीं देखा।

हत्या या आत्महत्या, बना रहस्य
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों को संदेह है कि मामला आत्महत्या का नहीं बल्कि हत्या का भी हो सकता है। आशंका जताई जा रही है कि स्कूल परिसर में पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा और इसके बाद दोनों युवकों की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई हो सकती है।

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
पुसौर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

खबर शेयर करें: