बायसन की बिजली का करंट लगाकर शिकार, लापरवाह वनरक्षक निलंबित

रायपुर, 26 अक्टूबर 2025. बलौदाबाजार वनमंडल के अर्जुनी परिक्षेत्र में एक वन्यप्राणी गौर (बायसन) की बिजली का करंट लगाकर हत्या का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापरवाही बरतने वाले एक वनरक्षक को निलंबित कर दिया है।
गत 25 अक्टूबर को अर्जुनी परिक्षेत्र के बिलाड़ी परिसर के संरक्षित वन क्षेत्र (कक्ष क्रमांक 324) में अज्ञात शिकारियों ने एक गौर (भारतीय बाइसन) की बिजली का करंट लगाकर निर्मम हत्या कर दी। यह गंभीर अपराध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दंडनीय है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग ने संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तत्काल जांच शुरू कर दी। साथ ही, निगरानी में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में वनरक्षक प्रेमचंद धृतलहरे को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम, 1966 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
वनमंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और शिकार में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। स्थानीय ग्रामवासियों से भी सहयोग की अपील की गई है कि वे किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।
इस कड़े कदम से वन विभाग ने वन्यजीवों की सुरक्षा और अपने कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने का एक स्पष्ट संदेश दिया है।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






