Jashpur News: बगीचा पुलिस ने 18.75 लाख की मोबाइल चोरी का किया खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, 47 मोबाइल बरामद
Jashpur News: बगीचा पुलिस ने 18.75 लाख की मोबाइल चोरी का किया खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, 47 मोबाइल बरामद
जशपुर, 24 जुलाई। जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक बालिग और तीन विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब ₹10 लाख कीमत के 47 मोबाइल फोन, चोरी की नकदी और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 21 और 22 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात बस स्टैंड प्रतीक्षालय के पीछे स्थित कैपिटल मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने दुकान में रखे 93 नए और पुराने मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। चोरी गए मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹18.75 लाख बताई गई।
दुकान संचालक जैद अली (28 वर्ष) की शिकायत पर थाना बगीचा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए बगीचा पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने अभिषेक प्रजापति (19 वर्ष) सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें तीन विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने एक अन्य आरोपी की पहचान भी कर ली है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
47 मोबाइल, नकदी और बाइक जब्त
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 47 मोबाइल फोन (करीब ₹10 लाख कीमत), चोरी के ₹600 नकद तथा बिना नंबर की यामाहा एमटी मोटरसाइकिल (करीब ₹60 हजार कीमत) बरामद कर जब्त की गई है। शेष चोरी गए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
बालिग आरोपी जेल, नाबालिग बाल संप्रेषण गृह भेजे गए
पुलिस ने बालिग आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कुमार पांडे, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार कामरे, नरेंद्र मिंज, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह, आरक्षक मुकेश पांडे, फुलजेंस टोप्पो, धनेश्वर राम, राजेश कालो तथा नगर सैनिक बलिराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी ने दी जानकारी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि बगीचा पुलिस ने अत्यंत पेशेवर तरीके से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा, साथ ही शेष चोरी गए मोबाइल फोन भी बरामद किए जाएंगे।