रायगढ़

Raigarh: आयुष का मेगा स्वास्थ्य अभियानः तीन विकासखंडों के 1137 ग्रामीणों को मिला निःशुल्क उपचार

खुरुसलेंगा, बरलिया और नवागढ़ में लगे आयुष शिविर, सैकड़ों मरीजों की जांच के साथ आयुर्वेद व होम्योपैथी से हुआ इलाज
जनप्रतिनिधियों ने आयुर्वेद अपनाने का किया आह्वान
रायगढ़, 27 जून 2026/ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने और आयुष चिकित्सा पद्धति को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रायगढ़ जिले में आयुष विभाग द्वारा तीन अलग-अलग विकासखंडों में विशाल स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। कलेक्टर के निर्देश एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. गौराहा के मार्गदर्शन में तमनार, रायगढ़ और घरघोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत खुरुसलेंगा, बरलिया और नवागढ़ में आयोजित इन शिविरों में कुल 1137 ग्रामीणों को निःशुल्क उपचार एवं स्वास्थ्य जांच का लाभ मिला।

इन शिविरों में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के माध्यम से मरीजों का उपचार किया गया। साथ ही शुगर, हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, सिकलिंग सहित विभिन्न प्रकार की जांच भी की गई। शिविरों में संधिवात, आमवात, चर्मरोग, ज्वर, कास, श्वास, प्रतिश्याय, उदर रोग, दुर्बलता, अनिद्रा, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, अर्श एवं स्त्री रोग जैसी बीमारियों से पीड़ित बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे, जिन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श और निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराई गईं।

तमनार विकासखंड के ग्राम पंचायत खुरुसलेंगा में आयोजित आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य रमेश बेहरा, जनपद सदस्य संजय टोप्पो, सरपंच हेमचंद राठिया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भगवान धनवंतरी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। शिविर में 317 ग्रामीणों का आयुर्वेद पद्धति से उपचार किया गया तथा 79 लोगों की शुगर, हीमोग्लोबिन, सिकलिंग एवं ब्लड ग्रुप की जांच की गई। इस दौरान डॉ.राजेश पटेल ने आयुर्वेद की महत्ता बताते हुए कहा कि यह सबसे प्राचीन एवं सुरक्षित चिकित्सा पद्धति है, जिससे बिना दुष्प्रभाव के अनेक रोगों का उपचार संभव है।

इसी प्रकार रायगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत बरलिया में आयोजित आयुष स्वास्थ्य शिविर में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी दोनों पद्धतियों से उपचार किया गया। सरपंच रेवती लव कुश साव, उपसरपंच फूलकुमारी राठिया, निर्मल महाराज एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में 355 मरीजों का आयुर्वेद तथा 60 मरीजों का होम्योपैथी पद्धति से उपचार किया गया। इसके साथ ही 105 लोगों की शुगर, हीमोग्लोबिन एवं ब्लड ग्रुप जांच भी की गई। डॉ. कुणाल पटेल ने लोगों को आयुर्वेद अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए इसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। वहीं घरघोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत नवागढ़ में आयोजित आयुर्वेद चिकित्सा शिविर में 405 ग्रामीणों को उपचार का लाभ मिला, जबकि 85 लोगों की रक्त जांच की गई। ग्राम सरपंच एवं पंचों की उपस्थिति में प्रारंभ हुए इस शिविर में डॉ. राजकुमार नायक ने आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

तीनों शिविरों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराईं। शिविरों के सफल संचालन में डॉ. राजेश पटेल, डॉ. प्रेम नारायण राठिया, डॉ. आस्था श्रीवास, डॉ. मनोज दास, डॉ. संजीव पटेल, डॉ. कुणाल पटेल, डॉ. शेख सादिक, डॉ. मुकेश साहू, डॉ. विकास, डॉ. निकिता, डॉ. मोधिया, डॉ. गौरी, डॉ. राजकुमार नायक, डॉ. मित्रभानु गुप्ता, डॉ. प्रद्युम्न पाणिग्रही, डॉ. नागेंद्र नायक, डॉ. आर्चि एक्का सहित आयुष विभाग के अधिकारियों, फार्मासिस्टों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में आयुष विभाग ने सभी जनप्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधि संस्थाओं, चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीण अंचलों तक बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





















IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button