Raigarh: चिखली बाजार में आयुष चिकित्सा शिविर, 475 ग्रामीणों ने उठाया लाभ, आयुर्वेद और होम्योपैथी पद्धति से हुआ उपचार, 145 लोगों की हुई रक्त जांच

रायगढ़, 25 जून 2026/ कलेक्टर के निर्देश एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. गौराहा के मार्गदर्शन में विकासखंड पुसौर के चिखली बाजार में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का शुभारंभ डीडीसी लक्ष्मी जीवन पटेल, बीडीसी श्रीमती सविता भोय, चिखली सरपंच खेंमप्रसाद साव, सुपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप पटेल, जिला कार्यसमिति सदस्य विद्यानंद प्रधान, अनिल गुप्ता, दिनेश नायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भगवान धनवंतरी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
आयुर्वेद की उपयोगिता बताकर लोगों को किया जागरूक
शिविर में जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति की महत्ता बताते हुए इसे अपनाने की अपील की। शिविर प्रभारी डॉ. अजय नायक ने कहा कि आयुर्वेद विश्व की सबसे प्राचीन चिकित्सा पद्धति है, जिसके माध्यम से बिना किसी दुष्प्रभाव के कई बीमारियों का उपचार संभव है। उन्होंने बताया कि आयुष विभाग प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक आयुर्वेद चिकित्सा का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि पुराने और जटिल रोगों के उपचार के लिए स्नेहन, स्वेदन, वमन, विरेचन, जानु बस्ती, कटि बस्ती, रक्तमोक्षण, अग्निकर्म और जालौका जैसी आयुर्वेदिक विधियों का उपयोग किया जा रहा है, जो लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रही हैं।
475 लोगों का उपचार, 145 की हुई रक्त जांच
चिकित्सा शिविर में संधिवात, आमवात, चर्म रोग, ज्वर, खांसी, श्वास रोग, उदर रोग, अनिद्रा, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, अर्श एवं स्त्री रोग से संबंधित मरीजों का उपचार किया गया। शिविर में 405 लोगों का आयुर्वेद पद्धति से तथा 70 लोगों का होम्योपैथी पद्धति से उपचार किया गया, जबकि 145 लोगों की रक्त जांच भी की गई। इस दौरान लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह से बचाव, योगासन, वात रोग, जरा रोग तथा स्वस्थ जीवन शैली से संबंधित सात प्रकार के पंपलेट भी वितरित किए गए।
शिविर को सफल बनाने में बीएमओ डॉ. विनोद नायक, डॉ. अजय नायक, डॉ. नरसिंह पटेल, डॉ. गजानन पटेल, डॉ. गगन पटेल, डॉ. श्रद्धा पटेल, डॉ. जागृति पटेल, डॉ. अनुराधा सिंह, फार्मासिस्ट अजीत गुप्ता, भोज मालाकर, दुष्यंत, राजेश साव, डोल नारायण और रूपेश आस्तृ सहित आयुष विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में आयुष विभाग ने जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं समस्त ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
स.क्र./208/गुलाब डड़सेना फोटो…2 से 5 तक
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






