CG: पिकअप से 2 युवकों कुचलने की कोशिश, गाड़ी से उतरते ही पाइप और डंडे से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
CG: पिकअप से 2 युवकों कुचलने की कोशिश, गाड़ी से उतरते ही पाइप और डंडे से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने 2 युवकों को पहले पिअकप से कुचलने की कोशिश की। इसके बाद पाइप और डंडे से दौड़ा-दौड़ाकर जमकर पीटा, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, गाड़ी से कुचलने और बदमाशों के हमला करने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पाइप और लाठी से लैस युवक हमला करते नजर आ रहे हैं। इस पूरे घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।
जानिए पूरा मामला
लिंगियाडीह का रहने वाला निखिल ध्रुव दूध बांटने का काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि 26 जून की रात करीब 11 बजे वह अपने घर की छत पर खड़ा था, तभी उसके दोस्त आदित्य महंत उर्फ रिंकू और रवि गंधर्व अपोलो चौक के पास दिलीप पाटिल के घर के सामने खड़े थे।
इस दौरान चिंगराजपारा की ओर से पिकअप तेज रफ्तार से आया और आदित्य महंत और रवि गंधर्व को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए। पिअकप से उतरते ही बांडया और बऊवा सहित उसके साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज की। हमले में घायल युवक को सिम्स अस्पताल में भर्ती किया गया है।
पाइप और डंडों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
इसके बाद दौड़ा-दौड़ाकर पाइप और डंडे से बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान अमन नायडू भी कार से मौके पर पहुंच गया। उसने अपने साथियों के साथ एकराय होकर आदित्य महंत उर्फ रिंकू और रवि गंधर्व को जान से मारने की धमकी दी।
दोस्तों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
आरोपियों ने फाइबर पाइप और बल्ली से उनकी पिटाई कर दी। इस दौरान वे दौड़ा-दौड़ाकर उनकी पिटाई करते रहे। हमले में घायल हुए युवकों को उनके दोस्तों ने तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचाया। वहां उनका इलाज जारी है।
वहीं, निखिल राकेश के साथ थाने पहुंचा और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने बांडया, बऊवा, अमन नायडू और दो अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
8-10 बदमाशों ने किया हमला
जबकि CCTV फुटेज में पाइप और लाठी-डंडे से लैस 8-10 बदमाश हमला करते नजर आ रहे हैं। इधर मामले में ASP सिटी पंकज पटेल ने बताया कि पुरानी रंजिश में घटना को अंजमा दिया गया, जिसमें 2 युवक घायल हुए हैं। मामले नाबालिग समेत 5 को गिरफ्तार किया गया है।