सांसद खेल महोत्सव 2.0 के अंतर्गत विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
सांसद खेल महोत्सव 2.0 के अंतर्गत विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सैनी ने किया खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ
कुरुक्षेत्र, 2 नवंबर। सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में आयोजित किए जा रहे ‘सांसद खेल महोत्सव 2.0’ के तहत थानेसर विधानसभा क्षेत्र में सोमवार से खेल प्रतियोगिताएं शुरू हो गई हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सैनी ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ करवाया। इन प्रतियोगिताओं के शुरू होते ही खेल मैदानों में खिलाड़ियों का उत्साह और प्रतिस्पर्धा का जोश देखने को मिला। खिलाड़ी पूरे दमखम और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
थानेसर विधानसभा क्षेत्र में 2 से 4 नवंबर तक तीन अलग-अलग स्थानों पर खेल मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। द्रोणाचार्य स्टेडियम में बॉक्सिंग, जूडो, कुश्ती, एथलेटिक्स, टग ऑफ वॉर, वॉलीबॉल, कबड्डी और फुटबॉल की प्रतियोगिताएं शुरू हो चुकी हैं। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल में क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सैनी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और शारीरिक एवं मानसिक मजबूती का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर आयोजित यह महोत्सव स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतरीन मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने और अपने प्रदर्शन से क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर नरेंद्र जांगड़ा मंडल अध्यक्ष दुष्यंत बख्शी पार्षद पंकज खन्ना पार्षद महेश तनेजा प्रेम नारायण अवस्थी पार्षद सुभाष वर्मा सुरजीत सुनहरी विजय सलारपुर सिद्धार्थ तिवारीऔर थानेसर हल्का प्रभारी बलविंद्र सिंह उपस्थित रहे।
सांसद खेल महोत्सव में खेल प्रतियोगिताओं के परिणाम
1. रस्साकशी के तीन मुकाबलों में टीम थानेसर, टीम काजल और टीम पहलवान केकेआर ने विजयी होकर अगले चरण में जगह बनाई।
2. वहीं वॉलीबॉल के चार मुकाबलों में किरमच, अमीन स्टेडियम, सुनील कुमार स्टेडियम और टीम अभिमन्युपुर ने विजय हासिल की।
3. एथलेटिक्स की 100 मीटर महिला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर तान्या, द्वितीय स्थान पर तनिषा और तीसरे स्थान पर रिया रही।
4. पुरुष वर्ग में पहले स्थान पर अभिषेक, दूसरे स्थान पर गुशान और तीसरे स्थान पर गौरांश रहे।