GST की दरों में बदलाव के बाद iPhone से लेकर Samsung तक के स्मार्टफोन सस्ते होंगे या महंगे? जानिए

व्यापार September 4, 2025 • रिपोर्टर: raigarh top news
GST की दरों में बदलाव के बाद iPhone से लेकर Samsung तक के स्मार्टफोन सस्ते होंगे या महंगे? जानिए

GST की दरों में बदलाव के बाद iPhone से लेकर Samsung तक के स्मार्टफोन सस्ते होंगे या महंगे? जानिए

GST Reform 2025: सरकार ने GST की दरों में भारी बदलाव किए हैं. इससे घरेलू इस्तेमाल की चीजों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम्स तक की कीमत में भारी कमी आने वाली है. नई दरें 22 सितंबर से लागू होंगी और दिवाली की शॉपिंग करते समय लोग कम हुई कीमतों का फायदा उठा सकेंगे. इस फैसले से स्मार्ट टीवी, एसी और डिशवॉशर आदि की कीमतें कम हुई हैं. कई लोगों के मन में यह भी सवाल है कि क्या अब ऐप्पल और सैमसंग समेत दूसरी कंपनियों के स्मार्टफोन भी सस्ते होंगे? आइए इस सवाल का जवाब जानते हैं.

क्या स्मार्टफोन की कीमतें घटेंगी?

स्मार्टफोन सस्ते होने की आस लगाए बैठे लोगों को फिलहाल थोड़ी निराशा होगी. सरकार के ताजा फैसले से मोबाइल फोन के दामों पर कोई असर नहीं पड़ा है. स्मार्टफोन पर पहले 18 प्रतिशत GST लगता था और अब भी यह जारी रहेगा. इस कारण स्मार्टफोन के दाम फिलहाल कम नहीं होंगे. हालांकि, पहले से ही यह कयास लगाए जा रहे थे कि स्मार्टफोन की कीमतों पर ग्राहकों को कोई राहत नहीं मिलने वाली है.

सस्ते क्यों नहीं हुए स्मार्टफोन?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों को पहले से ही यह उम्मीद थी कि स्मार्टफोन के दाम कम नहीं होंगे. उनका कहना है कि अगर 12 प्रतिशत स्लैब को लेकर कोई चर्चा होती तो थोड़ी-बहुत उम्मीद बंधती, लेकिन अब 18 प्रतिशत से निचला स्लैब 5 प्रतिशत का है. ऐसे में स्मार्टफोन को इस स्लैब में लाना मुश्किल था. हालांकि, इंडिया सेल्युलर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन ने सरकार से स्मार्टफोन को 5 प्रतिशत वाले स्लैब में रखने की मांग की थी. उसका कहना था कि फोन अब जरूरत बन गए हैं और डिजिटल इंडिया का अहम टूल है. GST आने से पहले अधिकतर राज्य मोबाइल फोन्स को एसेंशियल गुड्स की कैटेगरी में रखते थे. बता दें कि GST आने की शुरुआत में स्मार्टफोन पर 12 प्रतिशत टैक्स था, जिसे 2020 में बढ़ाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया था.

खबर शेयर करें: