Raigarh News: ‘सही दवा, शुद्ध आहार’ अभियान के तहत गुणवत्ता व स्वच्छता पर प्रशासन का फोकस, जिला पंचायत सीईओ ने किया निरीक्षण, बेकरी से पनीर का नमूना संग्रह कर भेजा गया प्रयोगशाला

रायगढ़ April 28, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: ‘सही दवा, शुद्ध आहार’ अभियान के तहत गुणवत्ता व स्वच्छता पर प्रशासन का फोकस, जिला पंचायत सीईओ ने किया निरीक्षण, बेकरी से पनीर का नमूना संग्रह कर भेजा गया प्रयोगशाला

Raigarh News: ‘सही दवा, शुद्ध आहार’ अभियान के तहत गुणवत्ता व स्वच्छता पर प्रशासन का फोकस, जिला पंचायत सीईओ ने किया निरीक्षण, बेकरी से पनीर का नमूना संग्रह कर भेजा गया प्रयोगशाला

प्रतिष्ठानों को स्वच्छता, सुरक्षित उपयोग और मानकों के पालन के दिए निर्देश
न्यूज पेपर के उपयोग से बचने और कुकिंग ऑयल का सीमित उपयोग करने की दी गई समझाइश

रायगढ़, 28 अप्रैल 2026/ जिले में “सही दवा, शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे ने रायगढ़ शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन के समीप स्थित बैंकर्स मेजिक बेकरी के किचन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, आवश्यक दस्तावेज, दुग्ध उत्पादों एवं कुकिंग ऑयल के उपयोग का बारीकी से अवलोकन किया गया। इस दौरान पनीर का नमूना संग्रहित कर गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री पठारे ने खाद्य प्रतिष्ठानों को स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों के पालन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, फ्रीजर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, स्टेनलेस स्टील चॉपिंग बोर्ड का उपयोग करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही न्यूज पेपर के उपयोग से बचने और कुकिंग ऑयल का सीमित उपयोग करने की समझाइश भी दी। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री एवं दवाएं उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही स्वच्छ, पौष्टिक आहार एवं सुरक्षित दवा उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी प्राथमिकता में शामिल है।

11 मई तक जारी रहेगा अभियान
जिले में 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक विशेष सघन जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत नियमित निरीक्षण, नमूना परीक्षण और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। कलेक्टर ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो को नोडल अधिकारी तथा संयुक्त कलेक्टर श्री राकेश गोलछा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। जिला एवं विकासखंड स्तर पर गठित “खाद्य प्रकोष्ठ” एवं “औषधि प्रकोष्ठ” के माध्यम से खाद्य प्रतिष्ठानों एवं मेडिकल स्टोर्स की जांच कर गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

खबर शेयर करें: