रायगढ़

Raigarh: मारपीट का फरार आरोपी ओड़िशा से गिरफ्तार, चाकू और स्कूटी बरामद

रायगढ़, 5 जुलाई 2025: रायगढ़ की कोतवाली पुलिस ने मारपीट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी शिवम यादव को ओड़िशा के झारसुगुड़ा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और स्कूटी भी जब्त की गई है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

क्या था मामला?
घटना 11 मई 2025 की है, जब गेजामुड़ा निवासी छलिया चौहान (32 वर्ष) ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। छलिया चौहान ने बताया कि वह अपनी पत्नी को मोटरसाइकिल से ससुराल ढिमरापुर चौक, रायगढ़ से संजीवनी अस्पताल ले जा रहे थे। शाम करीब 6 बजे, सुभाष चौक स्थित गुरुद्वारा के पास आरोपी शिवम यादव ने अपनी स्कूटी से उनकी मोटरसाइकिल के सामने आकर रास्ता रोक दिया। पुराने विवाद को लेकर शिवम ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए जेब से धारदार फोल्ड वाला चाकू निकालकर हमला कर दिया। छलिया चौहान के रोकने पर भी आरोपी ने उनके गले और सिर पर चाकू से वार कर दिया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
इस घटना के बाद थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 221/2025, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 118(1), 126(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी शिवम यादव, जो चौकीपारा, झारसुगुड़ा (ओड़िशा) का निवासी है, घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर, थाना कोतवाली पुलिस टीम झारसुगुड़ा पहुंची। वहां दबिश देने पर पता चला कि आरोपी ग्राम भठली, ओड़िशा में केटरिंग का काम कर रहा है। पुलिस टीम तुरंत ग्राम भठली पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी शिवम यादव (पिता स्व. रंजीत यादव, उम्र 35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और अपनी स्कूटी (क्रमांक CG13 UJ 5339) अपने जूते दुकान से निकालकर पुलिस के सामने पेश की, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया।

आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के निर्देशन में प्रधान आरक्षक लोमेश राजपूत, आरक्षक प्रदीप मिंज और अन्य स्टाफ की अहम भूमिका रही।





















IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button