रायगढ़ में तांत्रिक का खौफनाक खेल! शादी और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, नींद की दवा पिलाकर की दरिंदगी, 6 लाख भी ठगे
रायगढ़ में तांत्रिक का खौफनाक खेल! शादी और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, नींद की दवा पिलाकर की दरिंदगी, 6 लाख भी ठगे
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर महिला के शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शादी में आ रही बाधाएं दूर करने और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर एक व्यक्ति ने महिला को अपने जाल में फंसा लिया। आरोप है कि पूजा-पाठ के दौरान महिला को अभिमंत्रित जल बताकर नींद की दवा मिला पानी पिलाया गया। महिला के बेहोश होने के बाद मुख्य आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, पूजा-पाठ और बिजनेस में काम दिलाने के नाम पर उससे करीब 6 लाख रुपये भी वसूल लिए गए। मामले में घरघोड़ा पुलिस ने मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल और उसकी महिला सहयोगी गायत्री मानिकपुरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
परिचित महिला के जरिए आरोपी तक पहुंची पीड़िता
पुलिस के मुताबिक, 40 वर्षीय अविवाहित पीड़िता लैलूंगा क्षेत्र की रहने वाली है। मार्च 2026 में एक परिचित महिला के माध्यम से उसे चंद्र कुमार जायसवाल के बारे में जानकारी मिली थी। बताया गया था कि आरोपी हाथ देखकर भविष्य बताता है और झाड़-फूंक व दवाओं से बीमारियों का इलाज करता है। पीड़िता ने मोबाइल पर उससे संपर्क कर शरीर में दर्द रहने और विवाह नहीं हो पाने की समस्या बताई। आरोपी ने पूजा-पाठ और झाड़-फूंक के जरिए बीमारी ठीक करने तथा शादी में आ रही बाधाएं दूर करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल और व्हाट्सऐप पर बातचीत होने लगी।
पूजा के बहाने घर बुलाया, फिर पिलाया नशीला पानी
8 मार्च 2026 को आरोपी ने इलाज और पूजा-पाठ के बहाने पीड़िता को रायगढ़ रोड स्थित अपने किराये के मकान में बुलाया। वहां पहले से गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत मौजूद थी। उसने खुद को पूजा-पाठ करने वाली महिला बताते हुए पीड़िता को भरोसा दिलाया कि पूजा के दौरान वह भी मौजूद रहेगी, इसलिए उसे घबराने की जरूरत नहीं है।
आरोप है कि पूजा के लिए कपूर, घर की मिट्टी और लड्डू मंगवाए गए। इसके बाद पीड़िता को नहाकर गीले कपड़ों में पूजा स्थल पर आने को कहा गया। कुछ देर बाद चंद्र कुमार वहां पहुंचा और हवन-पूजन शुरू कर दिया। इसी दौरान उसने अभिमंत्रित जल बताकर पीड़िता को पानी पिलाया। पानी पीने के कुछ देर बाद महिला को चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
विरोध करने पर पूजा-पाठ का दिया बहाना
पीड़िता के अनुसार, होश आने के बाद जब उसने आरोपी की करतूत का विरोध किया तो उसने शादी में आ रही बाधाएं दूर करने और शरीर की परेशानी ठीक करने के नाम पर अपने कृत्य को सही ठहराने की कोशिश की। इसके बाद भी आरोपी और उसकी महिला सहयोगी ने पूजा-पाठ और हवन के नाम पर उससे पैसे लेना जारी रखा।
बिजनेस में नौकरी दिलाने का झांसा, करीब 6 लाख रुपये वसूले
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शुरुआत में पूजा-पाठ के नाम पर 4 हजार और फिर 12 हजार रुपये लिए। इसके बाद चंद्र कुमार ने पीड़िता को वेस्टिज कंपनी में काम दिलाने का झांसा दिया और अलग-अलग बहानों से उससे करीब 6 लाख रुपये वसूल लिए। जब महिला ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने उसे डराने-धमकाने का प्रयास किया।
दोनों आरोपियों की साजिश का पुलिस ने किया खुलासा
पीड़िता ने 5 नवंबर 2026 को रायगढ़ कोतवाली थाने में शारीरिक शोषण और आर्थिक धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की होने के कारण मामला वहां स्थानांतरित किया गया। घरघोड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 334/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 61(2), 49, 123 और 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की पूछताछ और विवेचना में सामने आया कि मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल और गायत्री मानिकपुरी पूर्व में प्रेम संबंध में थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मिलकर पीड़िता को झाड़-फूंक के बहाने घरघोड़ा बुलाने और पूजा के दौरान नींद की दवा मिला पानी पिलाकर बेहोश करने की योजना बनाई थी। इसके बाद मुख्य आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया।
मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद घरघोड़ा पुलिस ने 8 नवंबर 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों में चंद्र कुमार जायसवाल (45 वर्ष), निवासी टांडीपार, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत (39 वर्ष), निवासी ग्राम गेरसा, जिला रायगढ़ शामिल हैं।
इस पूरी कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई खेमराज पटेल और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
एसएसपी की अपील: अंधविश्वास के झांसे में न आएं
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। किसी भी तरह के शोषण या अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
