छत्तीसगढ़

जिला मुंगेली के पुलिस लाइन में “डिजिटल, इलेक्ट्रानिक एवं डीएनए साक्ष्य” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

 

 पुलिस लाइन मुंगेली में आयोजित कार्यशाला में जिले मुंगेली के पुलिस अधिकारी आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों के संग्रहण, संरक्षण एवं उपयोग पर दिया गया प्रशिक्षण

पुलिस जांच अधिकारियों को साक्ष्य संकलन की वैज्ञानिक पद्धति से अवगत कराकर अपराध अनुसंधान को और प्रभावी बनाने पर जोर

मुंगेली। बिलासपुर रेन्ज पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) के दिशा निर्देशन व श्री सुशील द्विवेदी, संचालक एफ.एस.एल.रायपुर के विशेष सहयोग से मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में जिला पुलिस मुंगेली द्वारा दिनांक 24.04.2026 को ‘‘Digital, Electronic & DNA Evidence in Pursuit of Justice” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन रक्षित केन्द्र (पुलिस लाइन) मुंगेली में किया गया।

कार्यशाला का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों जैसे डिजिटल, इलेक्ट्रॉनिक एवं डीएनए साक्ष्यों के महत्व, उनके वैज्ञानिक संग्रहण, संरक्षण एवं न्यायालय में प्रस्तुतिकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करना रहा।
इस दौरान विशेषज्ञ डॉ.विक्रांत सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक फोरेन्सिक (एफ.एस.एल.) रायपुर एवं डॉ.स्वाति कुजुर, वैज्ञानिक अधिकारी फोरेन्सिक (एफ.एस.एल.) बिलासपुर एवं डॉ. ज्योत्सना लकड़ा, वैज्ञानिक अधिकारी मुंगेली द्वारा बताया गया कि वर्तमान समय में अपराधों के अनुसंधान में डिजिटल एवं फॉरेन्सिक साक्ष्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। मोबाइल, लैपटॉप, सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया डेटा एवं डीएनए सैंपल जैसे साक्ष्य अपराध की सटीक जांच एवं अपराधियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिसके संबंध मे पुलिस विवेचना अधिकारी/कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया।

कार्यशाला में पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को साक्ष्य के सही तरीके से संकलन, सीलिंग, चेन ऑफ कस्टडी बनाए रखने, ई-साक्ष्य ऐप के प्रभावी उपयोग तथा न्यायालय में प्रभावी प्रस्तुतीकरण के संबंध में व्यवहारिक जानकारी दी गई साथ ही, साइबर अपराधों एवं तकनीकी अपराधों की जांच के दौरान आने वाली चुनौतियों एवं उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई।







एसएसपी श्री भोजराम पटेल द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अपराध अनुसंधान के दौरान आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करें, जिससे अपराधियों के विरुद्ध सशक्त साक्ष्य न्यायालय मे प्रस्तुत कर उन्हें शीघ्र सजा दिलाई जा सके।

उक्त कार्यशाला में अति. पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह, रक्षित निरीक्षक श्रीमती नरगिस ख्रिस्ट तिग्गा बघेल, जिले के थाना/चौकी प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button