Raigarh: ट्विंकल स्टार विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी एवं फन फेयर का भव्य आयोजन

रायगढ़। शहर के नामचीन कोतरा रोड स्थित ट्विंकल स्टार सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रायगढ़ (छत्तीसगढ़) में आज दिनांक 19 दिसंबर 2025 को विद्यालय प्रांगण में विज्ञान प्रदर्शनी एवं फन फेयर का अत्यंत भव्य, सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास, व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देना, रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के साथ मनोरंजन का संतुलित समावेश करना रहा। इस गरिमामय अवसर पर विद्यालय को मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. आलोक केडिया (एम.डी. रेडियोलॉजिस्ट) एवं डॉ. रश्मि केडिया तथा विशेष अतिथियों के रूप में डॉ. गणेश पटेल (पल्मोनोलॉजिस्ट), डॉ. विकास पटेल, डॉ. मयंक तिवारी, डॉ. जानवी राय, के. के. सिंह, डॉ. मनीषा त्रिपाठी, श्रीमती मीनाक्षी सरकार, श्री संतोष सिंह ठाकुर, श्री सुशील सिंह एवं श्रीमती निशा गौतम की गरिमामयी उपस्थिति का सौभाग्य प्राप्त हुआ। साथ ही विद्यालय की निदेशक विभा मैडम एवं प्राचार्या मेघा मैडम की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक बढ़ाया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, तत्पश्चात सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी के अंतर्गत कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रोजेक्ट स्टॉल लगाए गए, जिनमें पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, वर्षा जल संचयन, प्लास्टिक प्रदूषण, स्वास्थ्य विज्ञान, तकनीकी नवाचार एवं सतत विकास जैसे विषयों पर आधारित आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल एवं चार्ट प्रदर्शित किए गए। विद्यार्थियों ने अपने-अपने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली को आत्मविश्वासपूर्वक प्रस्तुत किया, जिससे उनकी वैज्ञानिक समझ, प्रस्तुति कौशल एवं अनुसंधान क्षमता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। माननीय अतिथियों एवं आगंतुकों ने प्रत्येक प्रोजेक्ट स्टॉल का अवलोकन कर विद्यार्थियों के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा उन्हें भविष्य के लिए प्रेरणादायक सुझाव प्रदान किए। इसके साथ ही आयोजित फन फेयर में विद्यार्थियों के मनोरंजन हेतु विभिन्न खेल स्टॉल जैसे लक्ष्य भेदन, रिंग थ्रो, लकी ड्रा आदि लगाए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं फूड स्टॉल पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए विभिन्न स्वादिष्ट एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों की व्यवस्था की गई, जिनका विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आगंतुकों ने भरपूर आनंद उठाया। संपूर्ण कार्यक्रम उल्लास, अनुशासन एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा यह आयोजन विद्यार्थियों के बौद्धिक, सामाजिक एवं व्यावहारिक विकास की दृष्टि से अत्यंत सफल एवं स्मरणीय सिद्ध हुआ।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






