Sarangarh News: ओडिशा से गांजा ला रहा धरमजयगढ़ का नशा तस्कर गिरफ्तार, 2.80 लाख का मशरूका जब्त, पैरदान और डिक्की में छिपाकर रखे थे खाकी टेप से लिपटे 6 पैकेट

सारंगढ़-बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सरिया थाना पुलिस ओडिशा से होने वाली अंतरराज्यीय मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार काल बनकर टूट रही है। बलेनो कार से भारी मात्रा में गांजा पकड़ने के ठीक बाद, सरिया पुलिस और सारंगढ़ साइबर सेल ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस बार पुलिस ने थाना सरिया के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर एक नीले रंग की बिना नंबर की होण्डा एक्टीवा स्कूटी से 18 किलोग्राम से अधिक अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सरिया थाना पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ओडिशा राज्य से एक युवक नीले रंग की बिना नंबर की नई स्कूटी में भारी मात्रा में गांजा लेकर सरिया और रायगढ़ के रास्ते धरमजयगढ़ की ओर बढ़ने वाला है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल थाने के सामने बैरिकेडिंग कर घेराबंदी की। कुछ ही समय बाद संदिग्ध स्कूटी वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रोक लिया।
स्कूटी चालक ने अपना नाम मोहपाल राठिया, निवासी सोहनपुर (धरमजयगढ़) बताया। जब गवाहों की मौजूदगी में स्कूटी के पैरदान पर रखे काले बैग और डिक्की के अंदर रखी नीली बोरी की तलाशी ली गई, तो उसके भीतर खाकी प्लास्टिक टेप से लिपटे हुए गांजे के कुल 6 पैकेट बरामद हुए। तौल करने पर कुल 18 किलो 60 ग्राम अवैध गांजा पाया गया, जिसकी बाजार में कीमत ₹1,70,000 आंकी गई है। पुलिस ने गांजे के साथ स्कूटी और एक रेडमी मोबाइल सहित कुल ₹2,80,000 की संपत्ति जब्त की है।
सरिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में सरिया पुलिस स्टाफ के साथ सारंगढ़ साइबर सेल टीम की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






