चक्रधर समारोह के तहत जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ आगाज, मोती महल परिसर में तीन दिवसीय आयोजन, 21 सितम्बर को होगा प्रतियोगिता का समापन, 25 महिला-पुरुष टीमों ने लिया हिस्सा

रायगढ़ September 19, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
चक्रधर समारोह के तहत जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ आगाज, मोती महल परिसर में तीन दिवसीय आयोजन, 21 सितम्बर को होगा प्रतियोगिता का समापन, 25 महिला-पुरुष टीमों ने लिया हिस्सा

चक्रधर समारोह के तहत जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ आगाज, मोती महल परिसर में तीन दिवसीय आयोजन, 21 सितम्बर को होगा प्रतियोगिता का समापन, 25 महिला-पुरुष टीमों ने लिया हिस्सा

रायगढ़, 19 सितम्बर 2026/ अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त 41 वें चक्रधर समारोह के अंतर्गत मोती महल परिसर रायगढ़ में 19 से 21 सितम्बर तक तीन दिवसीय जिला स्तरीय पुरुष एवं महिला कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिले की कुल 25 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें 14 पुरुष और 11 महिला टीमें शामिल हैं।

जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया। पहले दिन पुरुष वर्ग में सारंगढ़ जनपद और जिंदल रायगढ़ के बीच मुकाबला हुआ, जबकि महिला वर्ग में पुसौर और खरसिया की टीमों के बीच कबड्डी का रोमांचक मुकाबला हुआ। प्रतियोगिता में खिलाड़ी पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ मैदान में उतरे। इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, सहायक कलेक्टर श्री गोकुल आर.के. सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभागीय अधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

कबड्डी और कुश्ती हमारी मिट्टी से जुड़े पारंपरिक खेल: देवेंद्र प्रताप सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कबड्डी और कुश्ती हमारी मिट्टी से जुड़े पारंपरिक खेल हैं। रायगढ़ की खेल परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि चक्रधर समारोह के माध्यम से इन खेलों को व्यापक मंच मिल रहा है। उन्होंने युवाओं से खेलों को केवल मनोरंजन के रूप में नहीं, बल्कि करियर के अवसर के रूप में भी देखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज युवाओं के जीवन में स्क्रीन टाइम बढ़ रहा है। मैदान से जुड़ाव बढ़ाकर मोबाइल और स्क्रीन टाइम को कम किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं के साथ उनके माता-पिता को भी मैदान से जुड़ने, वॉक, योग और हल्के व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ भारत के माध्यम से ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

राज्यसभा सांसद श्री सिंह ने खिलाड़ियों से आपसी प्रेम, सम्मान और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। उन्होंने रायगढ़ की पुरानी खेल परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि राजा चक्रधर सिंह ने कुश्ती और कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित किया था। उन्होंने युवाओं को खेलों से जोड़ने और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों से पूरी मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

खेल टीम भावना और अनुशासन सिखाता है: महापौर
नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि कबड्डी का खेल हमें मुश्किल परिस्थितियों में भी शांत रहकर सही निर्णय लेना सिखाता है। यह टीम भावना, अनुशासन और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना विकसित करता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने की बात कही।

खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लें: सभापति
नगर निगम सभापति श्री डिग्री लाल साहू ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मैदान पर हार या जीत से अधिक महत्वपूर्ण खिलाड़ी का जोश, प्रयास और खेल भावना है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी ईमानदारी, अनुशासन और सकारात्मक भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया।

ये टीमें ले रही हैं हिस्सा
पुरुष वर्ग में खरसिया जनपद, कबडडी संघ, नगर निगम रायगढ़, तमनार जनपद, बरमकेला जनपद, धरमजयगढ़ जनपद, लैलूंगा जनपद, पुसौर जनपद, घरघोड़ा जनपद, रायगढ़ जनपद, सारंगढ़ जनपद, राजा चक्रधर, जिंदल फाउंडेशन तथा पुलिस विभाग की टीमें शामिल हैं। महिला वर्ग में अदानी फाउंडेशन, रायगढ़ जनपद, जिंदल फाउंडेशन रायगढ़, पुसौर जनपद, खरसिया जनपद, लैलूंगा जनपद, तमनार जनपद, घरघोड़ा जनपद, धरमजयगढ़ जनपद, जिंदल फाण्डेशन तमनार तथा नगर निगम रायगढ़ की टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। तीन दिवसीय जिला स्तरीय पुरुष एवं महिला कबड्डी प्रतियोगिता का समापन 21 सितम्बर को होगा।

खबर शेयर करें: