जांजगीर: पेट्रोल पंप के पास मौत का तांडव, एक टक्कर और खत्म हो गई बाप-बेटे की सांसें
घर लौटते वक्त बीच रास्ते में पलटी कार, चीख-पुकार के बीच मौके पर ही चली गई दो जिंदगियां

जांजगीर। एक पल पहले तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन अगले ही पल सड़क पर ऐसा खौफनाक मंजर बना कि देखने वालों की रूह कांप उठी। बलौदा क्षेत्र के बुचीहरदी गांव में हुए भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, बुचीहरदी गांव के पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो और कार के बीच आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस दर्दनाक हादसे में कार सवार रूपेश निर्मलकर और उनके बेटे राहुल निर्मलकर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कार में सवार बहू और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत बलौदा के राजकेशर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि अकलतरा क्षेत्र के अमोरा गांव निवासी रूपेश निर्मलकर अपने बेटे, बहू और एक अन्य युवक के साथ सराईश्रृंगार डोंगरी गांव एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब वे वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
वहीं बोलेरो में सवार 9 लोगों को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची बलौदा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। एक ही झटके में पिता और बेटे की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, और गांव में हर आंख नम है।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






