दुर्ग में बड़ी वारदात: आरक्षक पर रेप का आरोप, पीड़िता के बेटे को जेल से छुड़ाने का दिया था झांसा
दुर्ग में बड़ी वारदात: आरक्षक पर रेप का आरोप, पीड़िता के बेटे को जेल से छुड़ाने का दिया था झांसा
दुर्ग। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने दुर्ग पुलिस के आरक्षक पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद पुरानी भिलाई थाना परिसर में बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी पद्मश्री तंवर ने स्वयं महिला का बयान लिया है और आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद की जाएगी।
पूरा मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है, जहां पदस्थ आरक्षक अरविंद मेढ़े पर महिला ने शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि उसका बेटा जेल में बंद है। बेटे को छुड़वाने के नाम पर आरक्षक ने उस पर दबाव बनाया और शारीरिक संबंध बनाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग बेटे के मामले में कार्रवाई से बचाने के नाम पर आरक्षक ने महिला का शोषण किया। बताया गया कि बीती शाम आरक्षक ने महिला को सिरसा गेट के पास बुलाया, फिर अपनी गाड़ी में बिठाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आज सुबह पीड़िता बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ पुरानी भिलाई थाना पहुंची और आरोपित आरक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। हैरानी की बात यह है कि आरक्षक की शादी को अभी मात्र एक महीना ही हुआ है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जांच के आधार पर आवश्यक और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामला सामने आने के बाद विभाग में भी हड़कंप मच गया है।