CG: मकान में घुसे भालू ने डिप्टी रेंजर पर किया हमला, ग्रामीणों ने डंडा लेकर खदेड़ा, लोगों को दूर कर रहे थे वनकर्मी
CG: मकान में घुसे भालू ने डिप्टी रेंजर पर किया हमला, ग्रामीणों ने डंडा लेकर खदेड़ा, लोगों को दूर कर रहे थे वनकर्मी
बालोद. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के सिंघोला गांव में गुरुवार दोपहर सूने मकान में घुसे भालू ने डिप्टी रेंजर पर हमला कर दिया। भालू अचानक कमरे से बाहर निकला और डिप्टी रेंजर की ओर झपटा। यह देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों और वनकर्मियों ने डंडे लेकर भालू को भगाया। इस हमले में डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू बाल-बाल बच गए। घटना का वीडियो अब सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र के पटेली सर्किल के सिंघोला गांव में धरमुराम कुलदीप के सूने मकान में भालू घुस गया था। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे इसकी जानकारी मिलने पर पटेली और मंगलतराई सर्किल के वनकर्मी मौके पर पहुंचे।
भालू को देखने के लिए गांव के लोग भी मकान के पास पहुंचने लगे। इस दौरान पटेली सर्किल के डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू लोगों को दूर रहने के लिए कह रहे थे। तभी अचानक भालू कमरे से बाहर निकला और उन पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत डंडा लेकर भालू को खदेड़ा। इससे डिप्टी रेंजर की जान बच गई।
मकान में तोड़फोड़, सामान को भी नुकसान
ग्रामीण जागेश्वर ठाकुर ने बताया कि भालू दो-तीन दिन पहले ही मकान में घुसा होगा। मकान लंबे समय से खाली पड़ा था, इसलिए किसी को नुकसान नहीं हुआ।हालांकि, भालू ने घर के अंदर जमीन खोद दी और वहां रखा सामान भी तोड़ दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग से मकान में हुए नुकसान का आकलन कर मालिक को मुआवजा देने की मांग की है।
