समानता, सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश: वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में सीबीएसई का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

रायगढ़ November 29, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
समानता, सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश: वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में सीबीएसई का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

समानता, सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश: वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में सीबीएसई का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

लैंगिक संवेदनशीलता पर आयोजित क्षमता संवर्धन कार्यक्रम में विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों के शिक्षकों की रही सक्रिय सहभागिता

रायगढ़, 28 नवंबर 2026। शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समानता, सम्मान और संवेदनशीलता जैसे मानवीय मूल्यों के विकास की आधारशिला भी है। इसी उद्देश्य को साकार करने की दिशा में वेदिक इंटरनेशनल स्कूल, रायगढ़ में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के अंतर्गत ‘विद्यालयों में लैंगिक संवेदनशीलता’ (Gender Sensitivity in Schools) विषय पर एक दिवसीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में आसपास के विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों, जिनमें प्रमुख रूप से सेंट जेरोम मैनी, लिटिल एंजल, जिंदल आदर्श एवं आलोक इंटरनेशनल स्कूल शामिल रहे, के शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों में लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यालयों में सभी विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और समावेशी शैक्षणिक वातावरण विकसित करने की दिशा में सकारात्मक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में सीबीएसई की ओर से रिसोर्स पर्सन के रूप में सस्मिता नायक (पीजीटी एवं समन्वयक) तथा मुकेश लाल बजाज (पीजीटी, वाणिज्य) ने शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। प्रशिक्षण का केंद्रबिंदु विद्यालयों में लैंगिक भेदभाव को दूर करना, रूढ़िवादी धारणाओं के प्रति जागरूकता विकसित करना, विद्यार्थियों को समान अवसर प्रदान करना तथा शिक्षण प्रक्रिया में संवेदनशील और समावेशी दृष्टिकोण अपनाने के महत्त्व को रेखांकित करना रहा।

प्रशिक्षण का उद्देश्य यह संदेश देना भी था कि बच्चों की प्रतिभा, क्षमता और सपनों को लिंग के आधार पर सीमित नहीं किया जाना चाहिए। प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी रुचि, योग्यता और संभावनाओं के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। इस दिशा में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि उनका व्यवहार और दृष्टिकोण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं भविष्य के निर्माण पर गहरा प्रभाव डालता है।

विद्यालय के प्राचार्य श्री राजीव रंजन सिंह ने इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से सक्षम बनाना नहीं, बल्कि उनमें समानता, संवेदनशीलता, आत्मविश्वास और परस्पर सम्मान जैसे जीवन मूल्यों का विकास करना भी है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज में सकारात्मक परिवर्तन के सशक्त माध्यम हैं और ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन अधिक प्रभावी ढंग से करने की दिशा में प्रेरित करते हैं।

प्राचार्य ने कार्यक्रम में सहभागी सेंट जेरोम मैनी, लिटिल एंजल, जिंदल आदर्श एवं आलोक इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधन, प्राचार्यों एवं शिक्षकों के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों की सहभागिता आपसी सहयोग, अनुभवों के आदान-प्रदान और शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की सामूहिक प्रतिबद्धता का परिचायक है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं समन्वय में वेदिक इंटरनेशनल स्कूल की समन्वयक टीम—दीपिका खंडेलवाल, कविता साहू, मोमिता बनर्जी एवं रुबीना परवीन की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही। इसके साथ ही विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों सहित विशेष रूप से श्री संजय पटेल एवं श्री अजीत क्षेत्रिया की सक्रिय सहभागिता, समर्पण और सराहनीय सहयोग ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। सभी के सामूहिक प्रयास, कुशल समन्वय एवं सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हुआ।

अंत में सीबीएसई के दोनों रिसोर्स पर्सन, सहभागी विद्यालयों के शिक्षकों तथा आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम इस सकारात्मक संदेश के साथ संपन्न हुआ कि जब शिक्षा में समानता, व्यवहार में संवेदनशीलता और विचारों में सम्मान का समावेश होता है, तभी एक सशक्त, समावेशी और प्रगतिशील समाज की नींव रखी जाती है।
— वेदिक इंटरनेशनल स्कूल, रायगढ़

खबर शेयर करें: