ओडिशा से गांजा लाकर बेचने निकले रायगढ़ के दो युवक गिरफ्तार

रायगढ़ November 29, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
ओडिशा से गांजा लाकर बेचने निकले रायगढ़ के दो युवक गिरफ्तार

ओडिशा से गांजा लाकर बेचने निकले रायगढ़ के दो युवक गिरफ्तार

तमनार पुलिस ने धौराभांठा मेन रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा, 2.033 किलो गांजा, स्कूटी और मोबाइल सहित 1.09 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत तमनार पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में रायगढ़ के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवक ओडिशा से गांजा खरीदकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाशते हुए धौराभांठा की ओर आ रहे थे। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान उनकी स्कूटी रोककर तलाशी ली तो डिक्की से गांजे के दो पैकेट बरामद हुए। आरोपियों के कब्जे से 2.033 किलोग्राम गांजा, स्कूटी और दो मोबाइल जब्त किए गए हैं।
वाहन चेकिंग में पकड़ाए दोनों युवक
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में 28 नवंबर की शाम तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम धौराभांठा स्थित मुन्ना फैब्रिकेशन के सामने मुख्य मार्ग पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान हमीरपुर बॉर्डर की ओर से काले रंग की बिना नंबर की होंडा एक्टिवा में सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की तो दोनों ने शुरुआत में गुमराह करने का प्रयास किया।

संदेह होने पर पुलिस ने बारीकी से पूछताछ की। स्कूटी चालक ने अपनी पहचान आजाद अली (25 वर्ष), निवासी गंगाराम तालाब पारा, इंदिरा नगर रायगढ़ और पीछे बैठे युवक ने शिवम निषाद (26 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर चौक रायगढ़ के रूप में बताई।

डिक्की में मिले गांजे के दो पैकेट
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में स्कूटी की तलाशी ली। इस दौरान डिक्की में रखे कपड़े के थैले से भूरे रंग के टेप में लिपटे दो पैकेट बरामद हुए। जांच में दोनों पैकेटों में गांजा मिला, जिसका कुल वजन 2.033 किलोग्राम पाया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें ओडिशा के कनकतोरा में कम कीमत पर गांजा मिलने की जानकारी मिली थी। इसके बाद दोनों स्कूटी से वहां पहुंचे और एक व्यक्ति से गांजा खरीदकर बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश में धौराभांठा आ रहे थे।

ओडिशा के गांजा सप्लायर को भी बनाया आरोपी
पुलिस ने दोनों युवकों के कब्जे से करीब 30 हजार रुपए कीमत का 2.033 किलोग्राम गांजा, बिना नंबर की होंडा एक्टिवा स्कूटी और दो मोबाइल जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1 लाख 9 हजार रुपए बताई गई है। मामले में दोनों गिरफ्तार युवकों के साथ ओडिशा के कनकतोरा निवासी गांजा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है।

तमनार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीष पोया, एएसआई गौतम ठाकुर, प्रधान आरक्षक विपिन पटेल तथा आरक्षक रंजीत भगत, पुरुषोत्तम सिदार, पुष्पेन्द्र सिदार एवं मेघराज निषाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

खबर शेयर करें: