एनटीपीसी लारा को पर्यावरण मंडल का नोटिस, 5000 टन फ्लाई ऐश अवैध डंपिंग पर 75 लाख का जुर्माना प्रस्तावित

छत्तीसगढ़ November 26, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
एनटीपीसी लारा को पर्यावरण मंडल का नोटिस, 5000 टन फ्लाई ऐश अवैध डंपिंग पर 75 लाख का जुर्माना प्रस्तावित

एनटीपीसी लारा को पर्यावरण मंडल का नोटिस, 5000 टन फ्लाई ऐश अवैध डंपिंग पर 75 लाख का जुर्माना प्रस्तावित

रायगढ़। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने एनटीपीसी लारा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट पर फ्लाई ऐश के अवैध भंडारण को लेकर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मंडल ने एनटीपीसी को नोटिस जारी कर 3 दिन के भीतर स्थिति स्पष्ट करने को कहा है, अन्यथा 75 लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की जाएगी।

पर्यावरण संरक्षण मंडल, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा 25 नवंबर 2026 को जारी पत्र क्रमांक 4465 के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को मंडल के रसायनज्ञ एवं प्रभारी रसायनज्ञ द्वारा धनेली क्षेत्र का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान धनेली पुल के पास एनएच-30 के समीप (Lat 21.342662 Long 81.649467) अव्यवस्थित तथा अत्यधिक मात्रा में फ्लाई ऐश भंडारित पाया गया। अधिकारियों के अनुसार मौके पर लगभग 200 हाईवा फ्लाई ऐश जमा था, जो औसतन 25 टन प्रति हाईवा के हिसाब से लगभग 5000 टन होता है।

निरीक्षण के दौरान ट्रक क्रमांक सीजी 06 एचबी 2413 से प्राप्त बिल/चालान के आधार पर पुष्टि हुई कि उक्त फ्लाई ऐश का भंडारण एनटीपीसी लारा संस्थान से किया जा रहा है। मंडल ने फोटोग्राफ्स और बिल/चालान की प्रति भी नोटिस के साथ संलग्न की है। मंडल ने अपने नोटिस में स्पष्ट कहा है कि बिना अनुमति फ्लाई ऐश का अव्यवस्थित तथा अत्यधिक मात्रा में भंडारण किया जाना फ्लाई ऐश यूटिलाइजेशन नोटिफिकेशन 2021 के प्रावधानों का उल्लंघन है।

इसी आधार पर मंडल ने एनटीपीसी से पूछा है कि क्यों न संस्थान के विरुद्ध 1,500 रुपये प्रति टन की दर से 5000 टन पर कुल 75,00,000 रुपये (पचहत्तर लाख रुपये) की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की जाए। मंडल ने एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख को निर्देश दिया है कि उक्त के संबंध में स्थिति स्पष्ट करें एवं 03 दिवस के भीतर कार्यालय को सूचित करें। अब सबकी नजर एनटीपीसी के जवाब पर है। यदि एनटीपीसी निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं देता है, तो उस पर 75 लाख का जुर्माना लगना तय माना जा रहा है।

खबर शेयर करें: