नए एयरपोर्ट डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने पेश किया रायपुर एयरपोर्ट के विस्तार का खाका, एक ही रनवे से प्रति घंटे 12 की जगह 35 विमानों की आवाजाही की तैयारी

छत्तीसगढ़ November 25, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
नए एयरपोर्ट डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने पेश किया रायपुर एयरपोर्ट के विस्तार का खाका, एक ही रनवे से प्रति घंटे 12 की जगह 35 विमानों की आवाजाही की तैयारी

नए एयरपोर्ट डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने पेश किया रायपुर एयरपोर्ट के विस्तार का खाका, एक ही रनवे से प्रति घंटे 12 की जगह 35 विमानों की आवाजाही की तैयारी

 

घने कोहरे में भी 300 मीटर दृश्यता पर विमानों की लैंडिंग होगी संभव

एयरपोर्ट के सिटी साइड में भी सीआईएसएफ को सुरक्षा की जिम्मेदारी देने की तैयारी

रायपुर, 25 नवंबर 2026। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर की विमान परिचालन क्षमता लगभग तीन गुना बढ़ाने के साथ ही यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में व्यापक बदलाव की तैयारी है। एयरपोर्ट के नए डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने बुधवार को अपनी पहली पत्रकार वार्ता में एयरपोर्ट के चरणबद्ध विकास की कार्ययोजना साझा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ में हवाई यातायात की बढ़ती मांग के अनुरूप एयरपोर्ट के प्रत्येक हिस्से की क्षमता बढ़ाने पर समानांतर रूप से काम किया जा रहा है।

आरिफ ने बताया कि वर्तमान में रायपुर एयरपोर्ट के एकमात्र रनवे से प्रति घंटे 12 विमानों की आवाजाही संभव है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की प्रस्तावित परियोजना के तहत पैरेलल टैक्सी ट्रैक, रैपिड एग्जिट टैक्सीवे और अतिरिक्त एप्रन विकसित किए जाएंगे। इससे लैंडिंग के बाद विमानों को रनवे खाली करने तथा उड़ान भरने से पहले रनवे तक पहुंचने में कम समय लगेगा। पहले चरण में प्रति घंटे 24 और दूसरे चरण में लगभग 35 विमानों की आवाजाही संभव हो सकेगी।

आगामी कोहरे के मौसम को देखते हुए एयरपोर्ट पर कैटेगरी-टू (कैट-II) अप्रोच सिस्टम लागू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वर्तमान व्यवस्था में लैंडिंग के लिए रनवे पर न्यूनतम 550 मीटर दृश्यता आवश्यक है। नई व्यवस्था प्रभावी होने पर यह सीमा घटकर 300 मीटर रह जाएगी। कम दृश्यता में विमान परिचालन के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं और तकनीकी व्यवस्थाओं का काम लगभग पूरा हो चुका है।

एयरपोर्ट के बाहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण पहल की गई है। आरिफ के अनुसार, काउंटर टेररिज्म कंटिंजेंसी प्लान (सीटीसीपी) की मंजूरी नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) से अपेक्षित है। मंजूरी मिलने पर एयरपोर्ट प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र वाले सिटी साइड में भी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियां संभालेगा। इससे वाहन चालकों के बीच विवाद जैसी घटनाओं पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।

रायपुर एयरपोर्ट पर प्रतिदिन आठ हजार से साढ़े नौ हजार यात्रियों की आवाजाही हो रही है। प्रतिदिन विमान परिचालन की संख्या 60 से 68 के बीच है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में लगभग 25 लाख यात्रियों के मुकाबले 2025-26 में यह आंकड़ा 27 लाख से अधिक रहा। टर्मिनल की वार्षिक क्षमता 32 लाख यात्रियों की है, जो अगले दो से तीन वर्षों की मांग पूरी करने में सक्षम होगी।

यात्री सुविधाओं के विस्तार के तहत डिजीयात्रा सेवा, 15 चेक-इन काउंटर और चौथी एक्स-रे बैगेज स्क्रीनिंग मशीन उपलब्ध कराई गई है। चौथा एयरोब्रिज शीघ्र चालू किया जाएगा। विमानों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्टैंड की संख्या नौ से बढ़ाकर 13 कर दी गई है।

टर्मिनल के सामने सात-सात मीटर चौड़ी दो अतिरिक्त लेन विकसित की जा रही हैं। निकासी मार्ग पर लेन की संख्या दो से बढ़ाकर चार की जाएगी। यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए 110 मीटर लंबा और 21 मीटर चौड़ा कैनोपी बनाया जाएगा। लेन संबंधी कार्य जनवरी 2027 तथा कैनोपी का निर्माण मार्च-अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य है। टर्मिनल के शौचालयों का भी चरणबद्ध आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

आरिफ ने राज्य एवं जिला प्रशासन तथा पुलिस अधिकारियों से वीआईपी आगमन के दौरान सरकारी वाहनों को टर्मिनल के सामने लंबे समय तक खड़ा नहीं करने की अपील की। उन्होंने प्रोटोकॉल अधिकारियों को निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने तथा अतिथियों के आगमन से पांच से दस मिनट पहले ही वाहन टर्मिनल के सामने लाने की सलाह दी, ताकि आम यात्रियों को असुविधा न हो।

खबर शेयर करें: