Jashpur: चरित्र शंका में पति ने टांगी से वार कर की पत्नी की हत्या, खाट से गिरने की झूठी कहानी बनाकर दफनाया शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा, आरोपी पति गिरफ्तार
Jashpur: चरित्र शंका में पति ने टांगी से वार कर की पत्नी की हत्या, खाट से गिरने की झूठी कहानी बनाकर दफनाया शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा, आरोपी पति गिरफ्तार
जशपुर। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र के ग्राम खजूरबहार में चरित्र शंका के चलते पति द्वारा अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पत्नी के सिर, माथे और सीने पर टांगी के पिछले हिस्से से वार कर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद खुद को बचाने के लिए उसने परिजनों को खाट से गिरने के कारण मौत होने की झूठी कहानी सुनाई। उसकी बातों में आकर परिजनों और समाज के लोगों ने महिला के शव को दफना दिया था। हालांकि, मृतिका की बहन को संदेह होने पर पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
संदिग्ध मौत की शिकायत पर शुरू हुई जांच
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को मृतिका पार्वती बाई (52 वर्ष) की छोटी बहन सीता बाई (45 वर्ष), निवासी कुडमुरा नंदीटोली, थाना नारायणपुर ने कुनकुरी थाने में अपनी बड़ी बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सीता बाई ने बताया कि पार्वती बाई का विवाह ग्राम खजूरबहार निवासी मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम (62 वर्ष) के साथ हुआ था। 6 नवंबर को उसकी बहन की बहू ने फोन कर मृत्यु की सूचना दी थी। अगले दिन जब वह गांव पहुंची तो बहन का शव घर के कमरे में पड़ा था। उसके सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे और खून भी निकला हुआ था।
मृतिका के पति ने परिजनों को बताया था कि पार्वती बाई खाट से गिर गई थी, जिससे सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। इस बात पर विश्वास कर परिजनों और समाज के लोगों ने 7 नवंबर को शव दफना दिया था। बाद में मौत की परिस्थितियों पर संदेह होने पर मृतिका की बहन ने पुलिस से जांच की मांग की।
कब्र से निकलवाया गया शव, पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
शिकायत मिलने के बाद कुनकुरी पुलिस ने मर्ग क्रमांक 80/2026 के तहत जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए गवाहों के बयान दर्ज किए गए और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर कब्र से शव निकलवाया गया। इसके बाद चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया।
पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक बताई गई। इससे स्पष्ट हो गया कि महिला की मौत खाट से गिरने के कारण नहीं हुई थी, बल्कि उसकी हत्या की गई थी।
चरित्र शंका में टांगी के पासे से किया हमला
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मृतिका के पति मुखलाल राम के खिलाफ अपराध क्रमांक 226/2026, धारा 103(1) और 238(क) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। 6 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच उसने पत्नी को किसी व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने की बात कही। इसी बात को लेकर आक्रोशित होकर उसने घर में रखे टांगी के पासे से पत्नी के सिर, माथे और सीने पर दो-तीन बार वार कर दिया। गंभीर चोटों के कारण पार्वती बाई की मौत हो गई।
हत्या छिपाने के लिए परिजनों को सुनाई झूठी कहानी
पत्नी की मौत के बाद आरोपी ने घटना की वास्तविकता छिपाने के लिए परिजनों को बताया कि पार्वती बाई खाट से गिर गई थी और सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई। आरोपी की बातों पर भरोसा कर परिजनों और समाज के लोगों ने शव को दफना दिया था। इस तरह आरोपी ने हत्या को सामान्य मृत्यु बताकर मामले को छिपाने का प्रयास किया।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त टांगी जब्त
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से घटना में प्रयुक्त बांस का बेंट लगा लोहे का टांगी बरामद कर जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर सिंह वारले, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, आरक्षक आदित्य साय और आरक्षक चंद्रशेखर बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
