NH-53 पर दर्दनाक हादसा: कार से पीछे टकराई पल्सर, दो युवकों की मौत
NH-53 पर दर्दनाक हादसा: कार से पीछे टकराई पल्सर, दो युवकों की मौत
खाना खाने के बाद बाइक से निकले थे घूमने, सूखा नाला के पास हुआ हादसा; बरतुंगा गांव में पसरा मातम
पिथौरा। महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक रात में खाना खाने के बाद पल्सर बाइक से घूमने निकले थे। इसी दौरान पिथौरा थाना क्षेत्र के सूखा नाला के पास उनकी बाइक आगे चल रही कार से पीछे जा टकराई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कार से पीछे टकराई बाइक
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान ग्राम बरतुंगा निवासी भूपेन्द्र ध्रुव (22) और राकेश ध्रुव (23) के रूप में हुई है। दोनों बीती रात भोजन करने के बाद अपनी पल्सर बाइक से घूमने निकले थे। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सूखा नाला के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही कार से पीछे टकरा गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे की सूचना मिलते ही टोल प्लाजा की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर पिथौरा पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दो युवकों की असमय मौत से बरतुंगा गांव में शोक का माहौल है।
