9.46 लाख की शराब जब्त, तीन वाहन भी पकड़े
9.46 लाख की शराब जब्त, तीन वाहन भी पकड़े
मध्यप्रदेश ब्रांड की 7010 बोतलें बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग निरुद्ध; एक फरार आरोपी की तलाश जारी
जगदलपुर। बस्तर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। दरभा थाना क्षेत्र के छोटे कड़मा में दबिश देकर टीम ने मध्यप्रदेश ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त की है। कार्रवाई में 9 लाख 46 हजार रुपये कीमत की शराब के साथ परिवहन में इस्तेमाल तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया है। वहीं, एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर दी दबिश
आबकारी विभाग की जगदलपुर रेंज की टीम को मुखबिर से छोटे कड़मा में अवैध शराब की खेप होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने दरभा थाना क्षेत्र में दबिश दी। तलाशी के दौरान मध्यप्रदेश ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 1261.8 बल्क लीटर बताई गई है, जिसमें 7010 नग बोतलें शामिल हैं। इसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 46 हजार रुपये आंकी गई है।
एक गिरफ्तार, दो बालक निरुद्ध
कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने प्रवीण बघेल को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया है। इस दौरान आरोपी सुनील सेठिया मौके से फरार होने में सफल रहा। विभाग की टीम उसकी तलाश में जुटी है।
आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
