स्कूल में नशे का वीडियो वायरल: 2 छात्राएं शराब-सिगरेट पीती दिखीं, 5 छात्र गांजा पीते आए नजर; 7 को TC का नोटिस

छत्तीसगढ़ November 19, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
स्कूल में नशे का वीडियो वायरल: 2 छात्राएं शराब-सिगरेट पीती दिखीं, 5 छात्र गांजा पीते आए नजर; 7 को TC का नोटिस

स्कूल में नशे का वीडियो वायरल: 2 छात्राएं शराब-सिगरेट पीती दिखीं, 5 छात्र गांजा पीते आए नजर; 7 को TC का नोटिस

कोरबा के शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल धतूरा का मामला, वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने बुलाई बैठक, परिजनों की मौजूदगी में लिया गया एक्शन

कोरबा। छत्तीसगढ़ में स्कूली विद्यार्थियों के नशा करने का मामला सामने आने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। कोरबा जिले के पाली ब्लॉक स्थित शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल धतूरा के सात विद्यार्थियों का नशा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में नौवीं कक्षा की दो छात्राएं शराब और सिगरेट पीती नजर आ रही हैं, जबकि पांच छात्र स्कूल से बाहर जाकर गांजा पीते दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाते हुए सातों विद्यार्थियों को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) देने का नोटिस जारी किया है।

बैठक के बाद लिया गया फैसला
जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो 14 नवंबर का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल के प्राचार्य बलभद्र सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) और विद्यार्थियों के परिजनों की बैठक बुलाई। बैठक में पूरे मामले पर चर्चा के बाद दो छात्राओं और पांच छात्रों समेत कुल सात विद्यार्थियों को टीसी देने का नोटिस थमा दिया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी को भी भेजी गई जानकारी
स्कूल प्रबंधन ने इस कार्रवाई की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र के माध्यम से भेज दी है। हालांकि, इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। स्कूली बच्चों के बीच इस तरह नशे की प्रवृत्ति सामने आने से अभिभावकों और शिक्षा जगत में चिंता बढ़ गई है। सवाल यह भी उठ रहा है कि किशोर उम्र के बच्चों तक शराब, सिगरेट और गांजा कैसे पहुंच रहा है तथा स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों की निगरानी कितनी प्रभावी है।

खबर शेयर करें: