रायगढ़ में हाथियों का उत्पात: 16 किसानों की धान फसल बर्बाद, 33 हाथियों के झुंड ने लैलूंगा में मचाया आतंक

रायगढ़ November 16, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
रायगढ़ में हाथियों का उत्पात: 16 किसानों की धान फसल बर्बाद, 33 हाथियों के झुंड ने लैलूंगा में मचाया आतंक

रायगढ़ में हाथियों का उत्पात: 16 किसानों की धान फसल बर्बाद, 33 हाथियों के झुंड ने लैलूंगा में मचाया आतंक

रायगढ़। रायगढ़ जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। हाथियों के झुंड रात के अंधेरे में खेतों तक पहुंचकर धान की तैयार फसल को रौंद रहे हैं। बीती रात भी धर्मजयगढ़, छाल और लैलूंगा वन परिक्षेत्र में हाथियों ने 16 किसानों की फसल बर्बाद कर दी। सबसे ज्यादा नुकसान लैलूंगा क्षेत्र में हुआ, जहां 33 हाथियों के झुंड ने 9 किसानों के खेतों में धान की फसल को नुकसान पहुंचाया।

धर्मजयगढ़ वन परिक्षेत्र के बीजापुर गांव में हाथियों ने किसान अजीत राठिया की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। वहीं छाल वन परिक्षेत्र के खड़गांव, हाटी और गलीमार गांव में हाथियों ने विजय साय, कंचन कुमार और कमलनाथ समेत 6 किसानों के खेतों में फसल रौंद दी।

लैलूंगा में 33 हाथियों के झुंड ने मचाया उत्पात

लैलूंगा वन परिक्षेत्र के जमुना, कोडामार्ड और नारायणपुर गांव में हाथियों ने खेतों में जमकर उत्पात मचाया। यहां हिरन साय, बगनु, हराबाई, गोमती सिदार, धरन साय, बूटू लकड़ा और नुकुल लकड़ा समेत 9 किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा है। इस क्षेत्र में 33 हाथियों का झुंड सक्रिय है।

नुकसान का आकलन कर रहा वन विभाग

हाथियों को खेतों से दूर भगाने के लिए रात में प्रयास किए जाते हैं, लेकिन कई बार हाथी देर रात तक खेतों में ही डटे रहते हैं। सुबह वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर फसल नुकसान का आकलन करते हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हाथियों ने कई एकड़ में धान की फसल बर्बाद की है। आकलन और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

जिले में 105 हाथी, 16 शावक भी शामिल

वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, धर्मजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में 96 हाथी मौजूद हैं। इनमें 33 नर, 51 मादा और 12 शावक हैं। वहीं रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र में 9 हाथियों का दल है, जिसमें 3 नर, 2 मादा और 4 शावक शामिल हैं।

इस तरह जिले में कुल 105 हाथी हैं। इनमें 36 नर, 53 मादा और 16 शावक शामिल हैं। हाथियों की लगातार आवाजाही और खेतों में हो रहे नुकसान से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

खबर शेयर करें: