CG News: जंगल में शिकार की बड़ी साजिश नाकाम, चीतल-जंगली सूअर को मारने बिछा रहे थे बिजली के तार का फंदा, 4 शिकारी गिरफ्तार
CG News: जंगल में शिकार की बड़ी साजिश नाकाम, चीतल-जंगली सूअर को मारने बिछा रहे थे बिजली के तार का फंदा, 4 शिकारी गिरफ्तार
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में वन्यजीवों के संरक्षण और अवैध शिकार पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में दरभा वन परिक्षेत्र और कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान की संयुक्त टीम ने रात्रिकालीन गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जंगल में बिजली का फंदा बिछाते रंगे हाथों पकड़े गए आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात वन विभाग की टीम आरक्षित वन कक्ष क्रमांक 1425 में गश्त कर रही थी। इसी दौरान जंगल के भीतर चार व्यक्ति बिजली के तारों का फंदा लगाते हुए दिखाई दिए। टीम ने तत्काल घेराबंदी कर चारों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।
वन्यजीवों के शिकार की कोशिश पर सख्त कार्रवाई
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चीतल और जंगली सूअर का शिकार करने के उद्देश्य से बिजली के तारों का फंदा लगाने की बात स्वीकार की। मामले में वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 और भारतीय वन अधिनियम 1927 की विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध दर्ज किया है। बस्तर वनमंडल के अधिकारी दीपेश कपिल ने बताया कि, आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया है।
वन विभाग की आम नागरिकों से अपील
वन विभाग के अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि, जंगलों में वन्यजीवों के शिकार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और अवैध शिकार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
