छत्तीसगढ़ के 6 जिलों में EOW-ED की रेड:रायपुर में शराब घोटाले में अनवर ढेबर के घर दबिश, कोरबा में नपा अध्यक्ष के यहां छापा
छत्तीसगढ़ के 6 जिलों में EOW-ED की रेड:रायपुर में शराब घोटाले में अनवर ढेबर के घर दबिश, कोरबा में नपा अध्यक्ष के यहां छापा
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में शराब, कोल और DMF घोटाला मामले में ED, EOW और ACB ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, गरियाबंद और कोरबा में छापेमारी की। टीमों ने कारोबारियों और अन्य लोगों के घरों और दफ्तरों पर दबिश दी।
रायपुर में ED ने शराब घोटाले के मामले में अनवर ढेबर के घर छापा मारा। वहीं, EOW की टीम ने VIP स्टेट स्थित रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के घर दबिश दी।
राजनांदगांव में कारोबारी वैभव गोलछा और जय बग्गा के ठिकानों पर, जबकि दुर्ग जिले के भिलाई में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के घर जांच की गई। बिलासपुर में कोल कारोबारी शाजिद खान के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू निवास पर ACB-EOW की टीम पहुंची।
गरियाबंद जिले के गोबरा नवापारा और राजिम में कारोबारी विमल पारख और राजा पारख के प्रतिष्ठानों शांति विजय और नवकार ज्वेलर्स पर छापेमारी की गई। टीम राजा पारख के निवास पर भी पहुंची।
वहीं, कोरबा जिले के कटघोरा में DMF घोटाले की जांच के सिलसिले में नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल और नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकानों पर EOW ने दबिश दी।
रायपुर में अनवर ढेबर और सुदर्शन शर्मा के घर जांच
रायपुर में EOW की टीम ने शराब कारोबारी अनवर ढेबर के घर छापा मारा। वहीं, VIP स्टेट स्थित रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के घर भी टीम पहुंची है।
यहां दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच की जा रही है। सुदर्शन शर्मा के ठिकाने पर कार्रवाई शराब घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है। रायपुर में तीन से चार जगहों पर कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।
राजनांदगांव में वैभव गोलछा और जय बग्गा के ठिकानों पर रेड
राजनांदगांव में रायपुर से पहुंची करीब 20 अधिकारियों की टीम ने दो कारोबारियों के घर और व्यावसायिक परिसरों में एक साथ दबिश दी। EOW की एक टीम ने सनसिटी के बी-ब्लॉक स्थित कारोबारी वैभव गोलछा के मकान में छापा मारा।
दूसरी टीम ने लालबाग में कारोबारी जय बग्गा के घर और व्यावसायिक परिसर में जांच शुरू की। दोनों को पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा का करीबी बताया जा रहा है। टीम दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और मोबाइल-लैपटॉप जैसे डिजिटल डिवाइस खंगाल रही है। राजनांदगांव में लालबाग स्थित कारोबारी जय बग्गा के घर-दफ्तर में जांच।
भिलाई में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के घर छापा
भिलाई-3 के वसुंधरा नगर में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के घर सुबह करीब 8 बजे EOW और ACB की टीम पहुंची। कार्रवाई उनके साले संतोष सिंह को लेकर हो रही है, जो इसी घर में रहते हैं और ऑयल और ट्रांसपोर्ट का कारोबार संभालते हैं।
बिलासपुर में कोल कारोबारी शाजिद खान के घर दबिश
बिलासपुर के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोल कारोबारी शाहबाज खान के घर पर EOW और ACB की टीम ने छापा मारा। कोल लेवी स्कैम से जुड़े मामले में उनके घर और अन्य ठिकानों पर जांच की जा रही है।
टीमों की ओर से अभी तक कार्रवाई में मिली सामग्री या दस्तावेजों को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
गरियाबंद में कारोबारी-ज्वेलर्स के ठिकानों पर जांच
गोबरा नवापारा और राजिम में EOW-ACB की संयुक्त टीम ने कोल लेवी स्कैम की जांच के तहत कारोबारी विमल पारख और राजा पारख के प्रतिष्ठानों शांति विजय, नवकार ज्वेलर्स और राजा पारख के घर पर छापा मारा।
कोरबा में DMF मामले में नगर पालिका अध्यक्ष के घर रेड
कोरबा जिले के कटघोरा में EOW ने गुरुवार सुबह DMF घोटाले की जांच के सिलसिले में दो ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। टीम ने नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल और नगर सैनिक दिलीप केंवट के घर दबिश दी है।
दोनों जगह दस्तावेजों की जांच और पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई के कारणों पर EOW की ओर से अभी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
…
