Raigarh News: 2 सड़क हादसों में 3 की मौत, मेला देखने जा रहे बाइक सवार खड़ी ट्रक से भिड़े, बुजुर्ग को बाइक ने मारी टक्कर

रायगढ़ October 21, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: 2 सड़क हादसों में 3 की मौत, मेला देखने जा रहे बाइक सवार खड़ी ट्रक से भिड़े, बुजुर्ग को बाइक ने मारी टक्कर

Raigarh News: 2 सड़क हादसों में 3 की मौत, मेला देखने जा रहे बाइक सवार खड़ी ट्रक से भिड़े, बुजुर्ग को बाइक ने मारी टक्कर

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। मृतक मेला देखने जा रहे थे। दोनों हादसे छाल थाना क्षेत्र में मंगलवार रात हुए।

खड़ी ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, 2 युवकों की मौत

पहली घटना छाल के अस्पतालपारा के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, बेहरामार निवासी कृष्णा राठिया (15), बांसाझर निवासी जितेंद्र राठिया (22), धर्मेंद्र राठिया और कुंदन राठिया एक ही बाइक पर सवार होकर मेला देखने छाल जा रहे थे।

इसी दौरान अस्पतालपारा के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में चारों सड़क पर गिर पड़े। कृष्णा और जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धर्मेंद्र और कुंदन गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को रायपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पैदल मेला देखने जा रहे बुजुर्ग को बाइक ने मारी टक्कर

दूसरी घटना छाल चौक के पास हुई। छाल निवासी चंद्रदेव सिंह ठाकुर (65) मंगलवार रात करीब 7:30 बजे अपने परिवार के साथ पैदल मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक चालक जोबी क्षेत्र का रहने वाला है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

खबर शेयर करें: