रायगढ़ में तीन स्थानों पर भव्य रावण दहन, वित्त मंत्री ओपी चौधरी रहे मौजूद

छत्तीसगढ़ October 20, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
रायगढ़ में तीन स्थानों पर भव्य रावण दहन, वित्त मंत्री ओपी चौधरी रहे मौजूद

रायगढ़ में तीन स्थानों पर भव्य रावण दहन, वित्त मंत्री ओपी चौधरी रहे मौजूद

 रामलीला मैदान और मिनी स्टेडियम में 50-50 फीट, नटवर स्कूल मैदान में 60 फीट के रावण का हुआ दहन
हजारों की संख्या में उमड़े लोग
रायगढ़ टॉप न्यूज 20 अक्टूबर। विजयादशमी के पावन अवसर पर रायगढ़ जिला मुख्यालय में शहर के तीन प्रमुख स्थानों—रामलीला मैदान, मिनी स्टेडियम और नटवर स्कूल मैदान में भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तीनों ही स्थानों पर रावण दहन देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड़े। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आतिशबाजी, राम-रावण युद्ध और जय श्रीराम के जयघोष के बीच बुराई के प्रतीक रावण के पुतलों का दहन किया गया।

रामलीला मैदान में 50 फीट के रावण का दहन
रामलीला मैदान में इस वर्ष कोसमनारा के कारीगरों द्वारा 50 फीट ऊंचे रावण का पुतला तैयार किया गया था। कार्यक्रम के तहत विजय जुलूस निकाला गया, जो शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होते हुए वापस रामलीला मैदान पहुंचा। यहां राम-रावण युद्ध के मंचन और आतिशबाजी के बाद मुख्य अतिथि ने रावण के पुतले का दहन किया। इस दौरान मैदान में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

मिनी स्टेडियम में भी उमड़ी भीड़
चक्रधर नगर कला एवं सांस्कृतिक मंच के पदाधिकारियों के अनुसार, मिनी स्टेडियम में वर्ष 2012 से लगातार रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष यहां भी 50 फीट ऊंचा रावण का पुतला बनाया गया था। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि ओपी चौधरी का समिति के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया और रावण दहन किया। आयोजन के दौरान हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

नटवर स्कूल मैदान में 60 फीट के रावण का दहन
शहर के नटवर स्कूल मैदान में स्टेशन चौक युवा समिति द्वारा रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस बार यहां 60 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया था। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर समिति के सदस्यों ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने आम जनता को संबोधित किया। आकर्षक आतिशबाजी के बीच रावण के पुतले का दहन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।

सत्य और धर्म की विजय का संदेश देता है विजयादशमी पर्व : ओपी चौधरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि विजयादशमी का पर्व अधर्म और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। आज पूरा भारतवर्ष अपने घरों, गलियों और मोहल्लों में इस पर्व को उत्सव के रूप में मना रहा है। उन्होंने कहा कि विजयादशमी हमें संदेश देती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, अंततः सत्य, धर्म और न्याय की विजय अवश्य होती है। उन्होंने लोगों से प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपनाने तथा समाज में अच्छाई, एकता और सद्भाव का संदेश फैलाने की अपील की।

तीनों मैदानों में रही भारी भीड़, शहर में लगा जाम

रायगढ़ में तीन अलग-अलग स्थानों पर आयोजित रावण दहन कार्यक्रमों में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने उत्सव का आनंद लिया। हालांकि, एक ही समय में बड़ी संख्या में लोगों के घरों से निकलने और वाहनों की आवाजाही बढ़ने के कारण शहर के कई मार्गों पर जाम की स्थिति भी बनी रही। इसके चलते लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
कुल मिलाकर, रायगढ़ में विजयादशमी का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। तीनों स्थानों पर रावण दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।

 

 

खबर शेयर करें: