CG News: हाथियों के झुंड में नन्हे शावक का जन्म, ड्रोन से निगरानी कर रहा वन विभाग, ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने की सलाह

छत्तीसगढ़ October 20, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
CG News: हाथियों के झुंड में नन्हे शावक का जन्म, ड्रोन से निगरानी कर रहा वन विभाग, ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने की सलाह

CG News: हाथियों के झुंड में नन्हे शावक का जन्म, ड्रोन से निगरानी कर रहा वन विभाग, ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने की सलाह

कोरबा। कोरबा जिले के करतला वन परिक्षेत्र के बीट लबेद अंतर्गत ग्राम साजापानी में मंगलवार सुबह हाथियों के झुंड के बीच एक नन्हे हाथी का जन्म हुआ। सुबह करीब 6 बजे गश्त और हाथी ड्यूटी पर तैनात वनकर्मियों को झुंड में नवजात शावक की मौजूदगी की जानकारी मिली। इसके बाद वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई।

नवजात हाथी और उसकी मां की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग सतर्क हो गया है। झुंड की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे की मदद ली जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, घने जंगल और झाड़ियों के कारण जमीन से निगरानी करना कठिन होता है।

मां और शावक की सुरक्षा के लिए ड्रोन से निगरानी

ऐसे में ड्रोन के जरिए हाथियों की स्थिति का आकलन करने में मदद मिल रही है। हालांकि, विभाग यह भी सुनिश्चित कर रहा है कि ड्रोन के संचालन से हाथियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

नवजात के पास जाने से बचें, मादा हाथी हो सकती है आक्रामक

वन विभाग के अनुसार, साजापानी के आसपास का जंगल हाथियों की आवाजाही वाला क्षेत्र है। जन्म के शुरुआती दिनों में नवजात शावक अपनी मां और झुंड पर पूरी तरह निर्भर रहता है। इस दौरान मादा हाथी सामान्य से अधिक संवेदनशील और आक्रामक हो सकती है। ऐसे में किसी व्यक्ति के झुंड के करीब जाने पर खतरा पैदा हो सकता है।

इसे देखते हुए आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

 

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि फिलहाल जलाऊ लकड़ी और लघु वनोपज लेने के लिए भी हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में न जाएं। रात के समय हाथियों के संभावित रास्तों और खेतों के आसपास आवागमन करने से बचें।

विभाग ने यह भी कहा है कि हाथी दिखाई देने पर उन्हें भगाने या उनके करीब जाने की कोशिश न करें। सुरक्षित स्थान पर रहकर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

फोटो-वीडियो बनाने के लिए भीड़ न लगाएं

वन विभाग ने चेतावनी दी है कि शावक को देखने के लिए हाथियों के पास जाना, फोटो-वीडियो बनाना, तेज आवाज करना या झुंड को घेरने की कोशिश करना बेहद जोखिम भरा हो सकता है।

विभाग ने अपुष्ट सूचनाओं को सोशल मीडिया पर साझा करने से भी बचने की अपील की है। ऐसी सूचनाएं फैलने पर लोग उत्सुकतावश मौके पर पहुंच सकते हैं, जिससे हाथियों की सुरक्षा और लोगों की जान को खतरा हो सकता है।

खबर शेयर करें: