CG News: 6 माह की बच्ची को जमीन पर पटकने वाला पिता गिरफ्तार, घंटेभर के भीतर भेजा गया जेल
CG News: 6 माह की बच्ची को जमीन पर पटकने वाला पिता गिरफ्तार, घंटेभर के भीतर भेजा गया जेल
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी विवाद के दौरान एक पिता ने अपनी महज 6 माह की मासूम बच्ची को दो बार जमीन पर पटक दिया। घटना में बच्ची के सिर में अंदरूनी चोट आई और वह बेहोश हो गई। बच्ची को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
आपसी विवाद में मासूम के साथ की मारपीट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 14 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1 बजे की है। आरोप है कि आशीष कांवरिया ने आपसी लड़ाई-झगड़े के दौरान अपनी 6 माह की बच्ची को दो बार जमीन पर पटक दिया। इससे बच्ची के सिर में अंदरूनी चोट आई और वह बेहोश हो गई। इसके बाद बच्ची को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया।
मामले की रिपोर्ट मिलने पर थाना सरस्वती नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 237/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 115(2) और 109 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस ने घंटेभर के भीतर आरोपी को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त रॉबिन्सन गुरिया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. मानसी नाना भाऊ साकोरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष कांवरिया, पिता सुदर्शन कांवरिया, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एम्स में बच्ची का इलाज जारी
इस घटना में घायल 6 माह की बच्ची वर्तमान में एम्स में भर्ती है और उसका उपचार जारी है। मासूम के साथ हुई इस घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।