रायगढ़ में 3.22 लाख के खाद्यान्न घोटाले का खुलासा, महिला समूह की 10 पदाधिकारियों समेत 11 पर केस
रायगढ़ में 3.22 लाख के खाद्यान्न घोटाले का खुलासा, महिला समूह की 10 पदाधिकारियों समेत 11 पर केस
रायगढ़। रायगढ़ जिले के शासकीय उचित मूल्य दुकान पचेड़ा में 3.22 लाख रुपये मूल्य का खाद्यान्न घोटाला उजागर हुआ है। खाद्य निरीक्षक की जांच में ई-पॉस मशीन में दर्ज आंकड़े और दुकान में मौजूद खाद्यान्न की वास्तविक मात्रा में बड़ा अंतर सामने आया। इस गड़बड़ी के बाद पुलिस ने जय मां दुर्गा महिला समूह की 10 महिला पदाधिकारियों और दुकान के विक्रेता सहित कुल 11 लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है।
स्टॉक में व्यापक गड़बड़ी
खाद्य निरीक्षक ने 21 तारीख को शासकीय उचित मूल्य दुकान पचेड़ा में जांच कर खाद्यान्न के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया था। इस दौरान दुकान में 48 क्विंटल चावल, 1.50 क्विंटल शक्कर और 4.50 क्विंटल नमक मिला।
जबकि ई-पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक के मुताबिक दुकान में 120.03 क्विंटल चावल, 5.44 क्विंटल शक्कर और 5.99 क्विंटल नमक होना चाहिए था। दोनों का मिलान करने पर 72.03 क्विंटल चावल, 3.94 क्विंटल शक्कर और 1.49 क्विंटल नमक कम पाया गया। इस गायब सामग्री की कुल कीमत तीन लाख 22 हजार 193 रुपये आंकी गई है।
11 लोगों पर दर्ज हुआ मामला
खाद्य निरीक्षक की सूचना पर कोतरा रोड थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने जय मां दुर्गा महिला समूह की अध्यक्ष सेवतीन चौहान, सचिव जमुना सिदार और सदस्य जानकी पटेल, कमला सिदार, प्यारीमती सिदार, भानुमति सिदार, शगुन चौहान, सजन मांझी, पद्मेश्वरी मांझी और मंगरा को नामजद किया है।
इसके अलावा दुकान के विक्रेता पदमन चौहान के विरुद्ध भी आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।