रायगढ़ में हाथियों ने की 14 किसानों की फसलें बर्बाद, धरमजयगढ़-छाल और कापू रेंज के गांवों में नुकसान 

रायगढ़ October 19, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
रायगढ़ में हाथियों ने की 14 किसानों की फसलें बर्बाद, धरमजयगढ़-छाल और कापू रेंज के गांवों में नुकसान 

रायगढ़ में हाथियों ने की 14 किसानों की फसलें बर्बाद, धरमजयगढ़-छाल और कापू रेंज के गांवों में नुकसान 

रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथियों का दल लगातार किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। हाथी रात में जंगल से निकलकर खेतों में पहुंच रहे हैं और फसलों को रौंद रहे हैं। रविवार रात भी धरमजयगढ़, छाल और कापू रेंज के अलग-अलग गांवों में हाथियों ने 14 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया। लगातार हो रहे नुकसान से किसानों की चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ रेंज के खलबोरो में राधाबाई की फसल को हाथियों ने नुकसान पहुंचाया। वहीं आमापाली और आमगांव में सात किसानों की फसल बर्बाद हो गई। इनमें सनतराम, हंसाराम, श्रवण नायक, मंगतू, विजय और संतराम सहित अन्य किसान शामिल हैं। इसके अलावा भंवरखोल में योगेश की फसल को भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया।

छाल और कापू रेंज के गांव भी प्रभावित

छाल रेंज के कंसाबहार में उमाशंकर जांगड़े और बोजिया में पीतांबर की फसल को हाथियों ने बर्बाद कर दिया। वहीं कापू रेंज के सोनाजोरी और कमरई में धनसाय, टीबू और परसराम की फसलों को नुकसान पहुंचा है।

जिले में 85 हाथियों की मौजूदगी

वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रायगढ़ जिले में फिलहाल 85 हाथी विचरण कर रहे हैं। इनमें 28 नर, 31 मादा और 26 शावक शामिल हैं। धरमजयगढ़ वन मंडल में सबसे अधिक 77 हाथी हैं। इनमें 26 नर, 29 मादा और 22 शावक शामिल हैं। वहीं रायगढ़ वन मंडल में आठ हाथी मौजूद हैं। इनमें दो नर, दो मादा और चार शावक हैं।

वन विभाग और हाथी मित्र दल कर रहे निगरानी

हाथियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं। ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए गांवों में मुनादी भी कराई जा रही है। वन विभाग ग्रामीणों को हाथियों की आवाजाही के दौरान जंगल और खेतों की ओर जाने से बचने की सलाह दे रहा है, ताकि हाथियों से होने वाली संभावित जनहानि को रोका जा सके।

खबर शेयर करें: