Raigarh: निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं सास-बहू सम्मेलन का हुआ आयोजन, 110 लोगों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
Raigarh: निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं सास-बहू सम्मेलन का हुआ आयोजन, 110 लोगों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
टीबी, कुष्ठ, बीपी, शुगर और नेत्र जांच के साथ परिवार नियोजन के प्रति किया गया जागरूक
रायगढ़, 15 अक्टूबर 2026/ राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन, रायगढ़ के अंतर्गत गुरुवार को सतनाम भवन, कांशीराम चौक, रायगढ़ में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं सास-बहू सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में कुल 110 हितग्राहियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें 69 महिलाएं एवं 41 पुरुष शामिल रहे। शिविर में हितग्राहियों का पंजीकरण कर चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जांच एवं निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इसके साथ ही रक्तचाप (बीपी), ब्लड शुगर, नेत्र, टीबी एवं कुष्ठ रोग की जांच तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क एक्स-रे की सुविधा प्रदान की गई। लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और बीमारियों से बचाव के संबंध में भी जानकारी दी गई। स्वास्थ्य शिविर के दौरान 45 हितग्राहियों की टीबी जांच, 25 हितग्राहियों का एक्स-रे, 30 लोगों की कुष्ठ रोग जांच तथा 14 लोगों की नेत्र जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को विभिन्न बीमारियों के लक्षण, समय पर जांच कराने, उपचार लेने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सास-बहू सम्मेलन में कहानी, नाटक एवं व्यक्तिगत जीवन पर आधारित विशेष घटनाओं के माध्यम से परिवार नियोजन का संदेश दिया गया। सम्मेलन में शामिल महिलाओं को परिवार नियोजन के महत्व, परिवार में आपसी संवाद और स्वास्थ्य संबंधी निर्णयों में सहयोग की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया। इस पहल का उद्देश्य परिवारों में सकारात्मक सोच विकसित करना और मातृ एवं परिवार स्वास्थ्य को बेहतर बनाना रहा। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद श्री अमरनाथ रात्रे, डॉ. जया चौधरी, डॉ. सोनाली मेश्राम एवं शहरी कार्यक्रम प्रबंधक रायगढ़ सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित हितग्राहियों को टीबी, कुष्ठ रोग, बीपी, शुगर एवं नेत्र संबंधी बीमारियों की जांच और बचाव के बारे में जानकारी दी। साथ ही 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण के महत्व के संबंध में भी जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं मितानिनों का रहा विशेष सहयोग
शिविर के आयोजन में डॉ. अन्नू पटेल, चिकित्सा अधिकारी, डॉ. प्रदीप पटेल, चिकित्सा अधिकारी, डॉ. सोनाली मेश्राम, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक तथा स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। एसी, एमटी एवं मितानिनों की उपस्थिति के साथ क्षेत्रीय मितानिनों ने भी विशेष सहयोग प्रदान किया। सभी के सामूहिक प्रयासों से शिविर में पहुंचे हितग्राहियों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।