Jashpur News: मां ने 1.80 लाख रुपये में बेचा 10 माह का बच्चा, पश्चिम बंगाल से सकुशल बरामद, मां सहित 5 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ October 14, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
Jashpur News: मां ने 1.80 लाख रुपये में बेचा 10 माह का बच्चा, पश्चिम बंगाल से सकुशल बरामद, मां सहित 5 आरोपी गिरफ्तार

Jashpur News: मां ने 1.80 लाख रुपये में बेचा 10 माह का बच्चा, पश्चिम बंगाल से सकुशल बरामद, मां सहित 5 आरोपी गिरफ्तार

 

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में बच्चे की खरीद-फरोख्त का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, रुपए के लालच में मां यशोदा यादव ने कथित तौर पर अपने लगभग 10 माह के बच्चे को बिचौलिये के माध्यम से पश्चिम बंगाल निवासी एक व्यक्ति को 1 लाख 80 हजार रुपये में बेच दिया था। मामले की जांच के बाद कुनकुरी पुलिस ने पश्चिम बंगाल से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने बच्चे की मां सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को कुनकुरी के ब्लॉक कॉलोनी निवासी लक्ष्मी बाई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पुत्र शंकर चौहान को पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी और वह यशोदा यादव के साथ रहता था। यशोदा यादव ने 18 दिसंबर 2025 को एक बच्चे को जन्म दिया था, जिसे कथित तौर पर मार्च 2026 में बेच दिया गया।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर कुनकुरी थाने में अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम की धारा 81 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पूछताछ में सामने आया 1.80 लाख रुपये में सौदा

जांच के दौरान पुलिस ने पश्चिम बंगाल निवासी सुकरू आलम उर्फ बंगाली (43 वर्ष) को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बच्चे को पश्चिम बंगाल निवासी शेख अलविन तक पहुंचाने की जानकारी सामने आई।

इसके बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित कर पश्चिम बंगाल भेजी गई। वहां शेख अलविन (52 वर्ष) से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, उसने बताया कि मार्च 2026 में यशोदा यादव के बच्चे को 1 लाख 80 हजार रुपये में खरीदकर अपनी बेटी को दे दिया था।

पश्चिम बंगाल से बच्चे को सकुशल बचाया

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बच्चे को बरामद किया और आवश्यक पंचनामा तैयार कर उसे सुरक्षित संरक्षण में लिया। बरामद बच्चे की उम्र लगभग 9 से 10 माह बताई गई है। पुलिस ने मामले में संलिप्त लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मां सहित पांच आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने यशोदा यादव (29 वर्ष), सुकरू आलम उर्फ बंगाली (43 वर्ष), शेख अलविन (52 वर्ष), निर्मला तिर्की (45 वर्ष) और फूलकुवारी (50 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

बच्चे की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी में कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह चंद्रा, सहायक उप निरीक्षक नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक अलीका पैंकरा, ढलेश्वर यादव तथा आरक्षक आलोक तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

खबर शेयर करें: