Raigarh News: सड़क किनारे बोर्ड पर लटका मिला युवक का शव, रायगढ़ में मची सनसनी, हत्या की आशंका पर जांच में जुटी पुलिस
Raigarh News: सड़क किनारे बोर्ड पर लटका मिला युवक का शव, रायगढ़ में मची सनसनी, हत्या की आशंका पर जांच में जुटी पुलिस
रायगढ़। रायगढ़ में बुधवार सुबह सड़क किनारे लगे सांकेतिक बोर्ड पर एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। इस मामले में ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर हमीरपुर जाने वाले मार्ग के बंगुरसिया गांव में आज सुबह गांव के ग्रामीणों ने सड़क किनारे स्थित सांकेतिक बोर्ड पर करीब 40 से 45 साल के एक अज्ञात युवक की फांसी पर लटकती लाश देखी, जिसके बाद मौके पर लोगो की भारी भीड़ जुट गई।
गांव के कोटवार की सूचना के बाद चक्रधर नगर पुलिस के अलावा फॉरेंसिक टीम एवं डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
इस पूरे मामले में गांव के ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया है कि अज्ञात आरोपियों के द्वारा हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव को यहां लटकाकर फांसी का रूप देने का प्रयास किया गया होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, पुलिस के अनुसार पीएम रिपोर्ट आने का बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।