मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का व्हाट्सएप हैक, QR कोड भेजकर पैसे मांग रहा हैकर, लोगों को किया अलर्ट
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का व्हाट्सएप हैक, QR कोड भेजकर पैसे मांग रहा हैकर, लोगों को किया अलर्ट
सूरजपुर: महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का मोबाइल फोन और व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है. हैकर मंत्री के नजदीकी लोगों, परिवार और परिचितों को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर पैसे मांग रहा है.
हैकर ने व्हाट्सएप पर क्या मैसेज भेजा
हैकर ने मंत्री राजवाड़े के व्हाट्सएप से कई लोगों को मैसेज किया है. मैसज में लिखा-हेलो एक छोटी सी हेल्प चाहिए. मेरा यूपीआई ब्लॉक हो गया है. ऑनलाइन 32000 पेमेंट चाहिए. अर्जेंट है प्लीज. इसके साथ ही एक क्यूआर कोड भी हैकर ने भेजा है, जिस पर पैसे ट्रांसफर करने को कहा जा रहा है.
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने लोगों को किया अलर्ट
मामले की जानकारी मिलने के बाद मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह का आर्थिक लेन-देन नहीं करने की अपील की है. मंत्री ने लोगों को सावधान करते हुए साफ किया है कि उनके नाम से पैसे मांगने वाला कोई भी मैसेज मिलने पर उस पर भरोसा न करें. किसी भी परिस्थिति में संबंधित व्यक्ति को पैसे न भेजें. यदि किसी को उनके व्हाट्सएप नंबर से पैसे मांगने का मैसेज मिलता है, तो पहले उसकी पुष्टि जरूर करें.

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने लोगों से अलर्ट रहने को कहा
मंत्री ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी साइबर अधिकारियों को दे दी है. मामले को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा.
सोशल मीडिया में लिंक, मैसेज से सतर्क रहे
वहीं, इस घटना के बाद लोगों के लिए जरूरी है कि वे सोशल मीडिया और मैसेजिंग एप पर आने वाले संदिग्ध संदेशों से सावधान रहें. किसी परिचित या जनप्रतिनिधि के नाम से पैसे मांगने वाला मैसेज आने पर बिना पूरी जानकारी किए कोई भी रकम ट्रांसफर न करें. किसी भी लिंक पर क्लिक ना करें.